भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने 14 वर्षीय लड़की की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जब पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी, तभी उसे एक सुनसान मकान में ले जाकर मार दिया गया। मृतका के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। यह मामला मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी का है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम नैंसी गौतम था, जो आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। घटनास्थल से खून से सना लोहे का रॉड बरामद किया गया है, साथ ही वहां चारों ओर खून के धब्बे भी मिले हैं। आरोपी ने नैंसी पर कई बार हमला किया।

शुक्रवार सुबह 8 बजे नैंसी रोज की तरह स्कूल गई थी। आमतौर पर वह घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करके स्कूल जाती और लौटती थी। दोपहर करीब 12:30 बजे जब उसकी कक्षाएं समाप्त हुईं, तो वह घर के लिए निकली थी। नैंसी का भाई उसे बाजार में अकेले जाते हुए देख चुका था। 

जब वह दोपहर 2 बजे तक घर नहीं पहुंची, तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। उन्होंने उसके दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे, जहां भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

परेशान परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान नैंसी के एक दोस्त का मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि लोको कॉलोनी के एक खाली मकान में नैंसी का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और पुलिस वहां पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि नैंसी का गला घोंटा गया था और उसके शरीर पर लोहे की रॉड से हमले के निशान थे। मौके पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए।

जांच के दौरान पता चला कि 24 वर्षीय आरोपी वीरेंद्र कुमार पहले से नैंसी को जानता था। इसी कारण पुलिस का शक उस पर गहराया। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन साइबर टीम की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

इस मामले पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी, जिससे भविष्य में कोई इस तरह की वारदात करने से पहले सौ बार सोचे। पुलिस का कहना है कि हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है, लेकिन अभी कुछ और पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।