भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग- राउरकेला पुलिस ने दुबई से संचालित एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा किया है, जो रोजाना ‘ट्रेड नाऊ’ नामक फर्जी मोबाइल एप से 50 से 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर रहा था। मंगलवार को सिविल टाउन और बसंती क्षेत्र स्थित दो अपार्टमेंट्स में छापेमारी कर पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह की पोल खोल दी। इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड से जुड़े 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके 23 बैंक खातों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं, जबकि 176 खातों की जांच अभी भी चल रही है। 

बुधवार को राउरकेला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीआईजी बृजेश कुमार राय ने इस मामले की जानकारी दी। उनके साथ एसपी नितेश वाधवानी और एसडीपीओ अंबित मोहंती भी उपस्थित थे।

डीआईजी राय ने बताया कि एसपी नितेश वाधवानी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहर के अपार्टमेंट्स में बैठकर फर्जी एप के जरिए साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। एसपी ने एक विशेष टीम बनाकर सिविल टाउनशिप और बसंती कॉलोनी में छापेमारी करवाई। वहां बड़े स्तर पर साइबर धोखाधड़ी की गतिविधियाँ पकड़ी गईं। पुलिस ने मौके से सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और उनके पास से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और जरूरी दस्तावेज जब्त किए गए।

विज्ञापन 

सिविल टाउनशिप स्थित एक फ्लैट से पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। इसके बाद बसंती कॉलोनी में भी छापा मारकर पांच और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में नकली सिम कार्ड, 31 मोबाइल, 5 लैपटॉप, 68 सिम, और कई डिजिटल तथा वित्तीय दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूला कि वे 'ट्रेड नाउ' नामक नकली निवेश एप के जरिये लोगों को अधिक रिटर्न का झांसा देकर धोखा दे रहे थे। गिरोह के सदस्य रोजाना 50 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन कर रहे थे।

उनकी जानकारी के आधार पर रायपुर, छत्तीसगढ़ से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस गिरोह का मास्टरमाइंड रायपुर निवासी 26 वर्षीय किशन अग्रवाल बताया गया है, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है। जांच में सामने आया है कि वह भारत सहित अन्य देशों में भी इसी तरह की ठगी गतिविधियों को संचालित करता रहा है। यह गिरोह हवाला नेटवर्क के जरिए दक्षिण और पश्चिम एशियाई देशों में फैले साइबर अपराध सिंडिकेट का हिस्सा है और वहां भी ठगी की गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी:

- किशन अग्रवाल (26 वर्ष) - रायपुर, छत्तीसगढ़  

- कुणाल अग्रवाल (25 वर्ष) - रायपुर, छत्तीसगढ़  

- अर्जुन सिंह (27 वर्ष) - रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड  

- गिरधारी सिंह उर्फ राम (24 वर्ष) - जसपुर, छत्तीसगढ़  

- अजय कुमार (25 वर्ष) - कोरबा, छत्तीसगढ़  

- संदीप कुमार सोनी (28 वर्ष) - बलौदा बाजार, छत्तीसगढ़  

- सौमेंद्र सिंह राजपूत (27 वर्ष) - जांजगीर/चांपा, छत्तीसगढ़  

- अभिजीत भारद्वाज (27 वर्ष) - रायगढ़, छत्तीसगढ़  

- दिनेश कुमार साहू (25 वर्ष) - जांजगीर चांपा, छत्तीसगढ़  

जब्त की गई सामग्री:

- लैपटॉप – 5  

- मोबाइल फोन – 31  

- सिम कार्ड – 68  

- जियो फाइबर राउटर – 2  

- पहचान पत्र – 20  

- एटीएम/डेबिट कार्ड – 19  

- बैंक पासबुक/चेक बुक – 4  

- पेन ड्राइव – 2  

- कैश गिनने की मशीन – 1  

- कार – 1  

- स्कूटी – 1  

राउरकेला पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराध पर बड़ी चोट मानी जा रही है, जो देशभर में फैले ऐसे अन्य नेटवर्क को बेनकाब करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi