भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : 22 अप्रैल को पहलगाम के पास बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार ने गुरुवार को यह स्वीकार किया कि सुरक्षा में गंभीर लापरवाही हुई है। इस हमले के मद्देनज़र हुई सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियों के अफसरों ने विपक्ष को इस चूक की जानकारी दी।
विपक्षी दलों ने सरकार को आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया और आतंकी अड्डों को ध्वस्त करने की पुरजोर मांग रखी। राहुल गांधी ने भी कहा कि सरकार जो भी कदम उठाएगी, विपक्ष का उसे पूरा समर्थन रहेगा। यह बैठक करीब दो घंटे चली, जिसमें हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखा गया।
विज्ञापन
हमले में 26 पर्यटकों की जान गई, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। इस आतंकी हमले में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए।
पहलगाम हमले पर दिनभर की 10 अहम घटनाएं:
1. राहुल गांधी का कश्मीर दौरा: कांग्रेस नेता शुक्रवार को अनंतनाग पहुंचेंगे, जहां वे घायलों से मिलकर उनका हालचाल लेंगे।
2. मिसाइल परीक्षण सफल: भारतीय नौसेना ने INS सूरत से एक सतह से समुद्र पर मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
विज्ञापन
अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे
3. आक्रमण' वायुसेना अभ्यास शुरू: भारतीय वायुसेना ने ‘आक्रमण’ नाम से सैन्य अभ्यास आरंभ किया, जिसमें अंबाला और हाशीमारा की राफेल स्क्वॉड्रन शामिल होंगी।
4. विदेशी राजनयिकों को जानकारी: विदेश मंत्रालय ने जर्मनी, जापान सहित अन्य देशों के दूतों को बुलाकर हमले की विस्तृत जानकारी दी।
5. रूसी मीडिया का दावा: 'रशिया टुडे' ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारत कोई बड़ा कदम उठा सकता है।
6. राष्ट्रपति को दी जानकारी: गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर घटना की जानकारी साझा की।
7. पाकिस्तानी नागरिक लौटे: भारत द्वारा अटारी बॉर्डर सील करने की घोषणा के बाद पाकिस्तानी नागरिक अटारी चेकपोस्ट से लौटने लगे।
8. पाक सरकार का X अकाउंट भारत में बैन: केंद्र ने पाकिस्तान सरकार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) के अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित कर दिया।
9. अमेरिका की ट्रैवल एडवाइजरी: अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को जम्मू-कश्मीर की यात्रा से बचने की सलाह दी।
10. कश्मीर में विरोध प्रदर्शन: श्रीनगर में व्यापारियों ने हमले के विरोध में दुकानों पर काले झंडे लगाए।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया:
भारत द्वारा सिंधु जल समझौते को स्थगित करने के संकेतों पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई है। पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत पर तनाव बढ़ाने वाले फैसले लेने का आरोप लगाया और कहा कि भारत ने आक्रामक रवैया अपनाया है। उनके साथ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो भी मौजूद थे।
शहबाज शरीफ ने सिंधु नदी पर बनाई जा रही नई नहरों के निर्माण को रोकने का ऐलान किया, क्योंकि सिंध प्रांत में इसके खिलाफ प्रदर्शन हो रहे थे।
इस्लामाबाद में स्थित भारतीय उच्चायोग के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया, कुछ प्रदर्शनकारियों ने परिसर की बाउंड्री फांदने की भी कोशिश की। आरोप है कि पाकिस्तानी प्रशासन ने जानबूझकर उच्चायोग की सुरक्षा हटा दी।
इसी बीच पाकिस्तान की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी (NCS) की एक अहम बैठक हुई, जिसमें भारत-पाकिस्तान के बीच लागू सभी द्विपक्षीय समझौतों को निलंबित करने का निर्णय लिया गया। इनमें 1972 का शिमला समझौता भी शामिल है।
पाकिस्तान ने कहा है कि यदि भारत सिंधु जल संधि को रोकता है, तो इसे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। पाकिस्तान ने अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर संभव जवाब देने की चेतावनी दी है।
अखबार ‘डॉन’ के अनुसार, NCS बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि भारत में वक्फ कानून को जबरन लागू कर मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi



