विज्ञापन

बिलासपुर सेंट्रल जेल में खौफनाक कदम: डबल मर्डर के कैदी ने खाना बनाते वक्त जलती भट्ठी में कूदकर दी जान!

बिलासपुर सेंट्रल जेल में खौफनाक आत्मघाती कदम: कैदी ने जलती भट्ठी में कूदकर दी जान, 10 साल से काट रहा था सजा

छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी और हाई सिक्योर मानी जाने वाली बिलासपुर सेंट्रल जेल से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को यहाँ एक कैदी ने गैसीफायर प्लांट की जलती हुई भट्ठी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक कैदी डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और जेल में उसे 10 साल हो चुके थे।

Bilaspur Central Jail inmate suicide gasifier furnace incident Chhattisgarh news.


डबल मर्डर में काट रहा था आजीवन कारावास की सजा

जेल अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृत कैदी का नाम राहुल कंवर उर्फ विकेश था, जो जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था। वह हत्या के एक मामले में डबल मर्डर के जुर्म में साल 2014 से जेल में बंद था और बिलासपुर सेंट्रल जेल में अपनी 10 साल की सजा पूरी कर चुका था।

खाना बनाने के दौरान अचानक भट्ठी में लगाई छलांग

जेलर खोमेश मंडावी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4 बजकर 15 मिनट पर हर रोज की तरह जेल के किचन में कैदियों के लिए खाना बन रहा था। राहुल कंवर भी उस दौरान वहीं पर काम कर रहा था।

अचानक उसने गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आपको बता दें कि इस गैसीफायर प्लांट में लकड़ियों से गैस तैयार कर कैदियों का भोजन बनाया जाता है, जो अत्यधिक गर्म रहता है।

कलेक्टर और एसएसपी मौके पर पहुंचे, मजिस्ट्रियल जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि केंद्रीय जेल में दंडित बंदी ने सुसाइड किया है। वह किचन में गैसीफायर में कूद गए, जो काफी गर्म रहता है, जिससे उनकी मौत हो गई। इस पूरे मामले की मजिस्ट्रियल और न्यायिक जांच की जा रही है।

वहीं, जेल में कैदियों की आत्महत्या के मामलों पर जेलर खोमेश मंडावी का कहना है कि इस घटना पर गंभीरता से चिंतन किया जा रहा है। यदि जांच में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।