छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, उनकी कमर में गंभीर चोट आई है, जिससे उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। शुरुआती जांच में किसी तरह के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम, एसएसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे और दर्शन के बाद रायपुर लौट रहे थे।
सामने से आई कार को बचाने में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तालबेहट के पास नेशनल हाईवे-44 पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने अचानक कट मार दिया। उसे बचाने के प्रयास में किरण सिंह देव के ड्राइवर ने कार मोड़ी, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जाकर टकरा गया।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा इंजन तक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।
परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित
बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने बताया कि किरण सिंह देव परिवार के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र की यात्रा पर आए थे। उन्होंने मध्य प्रदेश में बागेश्वर धाम, ओरछा स्थित राजा राम मंदिर और दतिया में मां पीतांबरा के दर्शन किए थे। दर्शन के बाद वे रायपुर लौट रहे थे, तभी ललितपुर के तालबेहट के आगे यह हादसा हो गया।
हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। केवल किरण सिंह देव के कूल्हे और कमर में चोट आई है।
उनके काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां सुरक्षित रहीं। कार में मौजूद पीएसओ, पीए और ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
झांसी मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि किरण सिंह देव के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं हैं, लेकिन पैर और कमर में अंदरूनी चोटें हैं। उनकी सीटी स्कैन सहित अन्य आवश्यक जांचें कराई जा रही हैं।
इलाज के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। जांच के दौरान उनका शुगर लेवल भी बढ़ा हुआ मिला, जिसके बाद उन्हें आवश्यक दवाएं और दर्द निवारक उपचार दिया गया।
छत्तीसगढ़, भिलाई, दुर्ग, रायपुर और देश की ऐसी ही भरोसेमंद और सबसे तेज खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर उपयोगी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ जरूर साझा करें।

.jpg)