छग, सूरजपुर। जिले के चांदनी थाना परिसर में शुक्रवार (31 जुलाई) को उस समय लोगों की भीड़ लग गई, जब करीब 20 वर्षीय एक युवती अचानक वहां लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती अपने प्रेमी को थाने बुलाकर शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। करीब 4 से 5 घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, युवती का कहना है कि उसका प्रेमी कई महीने पहले उसे छोड़कर चला गया था। तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। इसी वजह से वह पुलिस से प्रेमी को थाने बुलाने और दोनों की शादी कराने की मांग कर रही थी। बताया गया कि दोनों पिछले 3 से 4 साल से रिश्ते में थे।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने पहले अपने प्रेमी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उसी शिकायत के सिलसिले में शुक्रवार को उसे बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया था। इसी दौरान वह अचानक थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती लगातार अपने प्रेमी को थाने बुलाने और शादी कराने की बात कहती रही। घटना के दौरान उसके परिवार के सदस्य, गांव के सरपंच, उपसरपंच और अन्य ग्रामीण भी थाना परिसर में मौजूद थे। सभी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी जोखिम उठाकर रेडियो टावर पर चढ़े और युवती तक पहुंचे। काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। नीचे लाने के बाद पुलिस ने उसे शांत कराया और उसके परिजनों से भी चर्चा की।
पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ समय तक थाना परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की।
👉 ऐसी ही छत्तीसगढ़ की भरोसेमंद और सबसे तेज़ स्थानीय खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। आपकी जागरूकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

.jpg)