भिलाई में मां-बेटे की हैरान करने वाली करतूत! फूल तुड़वाने के बहाने 70 वर्षीय महिला की 2.5 लाख की सोने की चेन लेकर हुए फरार, गिरफ्तार..

भिलाई। मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को क्या पता था कि मदद के लिए रुके लोग ही उनकी वर्षों की जमा-पूंजी पलभर में लेकर फरार हो जाएंगे। भिलाई में हुई इस सनसनीखेज चेन स्नैचिंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी गैंग ने नहीं, बल्कि सगे मां-बेटे ने मिलकर अंजाम दिया था।

घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 6:10 बजे की है। सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 निवासी उमा देवी रोज की तरह घर से कुछ दूरी पर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। तभी एक बाइक पर सवार महिला और युवक उनके पास पहुंचे।

बाइक से उतरी महिला ने उमा देवी से लकड़ी की मदद से फूल तोड़ने की बात कही। जैसे ही बुजुर्ग महिला उसकी बातों में उलझीं, महिला ने उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन छी*न ली। चेन की कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। वारदात के बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने भिलाई भट्ठी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसी दौरान मुखबिर से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

जांच के बाद पुलिस ने कैंप-1 शांतिपारा निवासी जी. गौतम (20) और उसकी मां जे. पार्वती (48) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों की वारदात में संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों रिश्ते में सगे मां-बेटे हैं और उन्होंने मिलकर पूरी योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनके कब्जे से छी*नी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों ने पहले भी कहीं इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

पिछले कुछ दिनों में भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आई हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने लोगों से सुबह और शाम टहलने के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

भिलाई, दुर्ग और छत्तीसगढ़ की ऐसी ही भरोसेमंद और सबसे तेज स्थानीय खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर को अपने परिवार और दोस्तों के साथ भी जरूर साझा करें।