भिलाई सिसकोल प्लांट में क्रेन से गिरी भारी लोहे की प्लेट! मजदूर ने गँवाई जान..7 महीने में दूसरी मौत

भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की जान चली गई। मृतक की पहचान धमधा निवासी राजेश निर्लमलकर (40) के रूप में हुई है। राजेश धमधा से भिलाई आकर प्लांट में काम करता था। इस घटना के साथ ही करीब सात महीने के भीतर प्लांट में क्रेन से प्लेट गिरने की दूसरी घटना में मजदूर की मौत हुई है।


क्रेन से प्लेट ले जाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, राजेश प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से लोहे की प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था।

इसी बीच प्लेट का संतुलन बिगड़ गया और वह क्रेन से नीचे आ गिरी। प्लेट की चपेट में राजेश आ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सात महीने पहले भी गई थी एक मजदूर की जान

सिसकोल प्लांट में क्रेन से प्लेट गिरने की ऐसी घटना पहले भी हो चुकी है। करीब सात महीने पहले हुए हादसे में लेखूराम कौशल (35) की मौत हुई थी।

लेखूराम भी क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। काम के दौरान क्रेन से लोहे की प्लेट नीचे गिर गई थी और उसकी चपेट में आने से उसकी जान चली गई थी।

पहले हादसे के बाद पुलिस ने की थी जांच

करीब सात महीने पहले हुए हादसे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी और मामले की जांच की थी। उस समय सुरक्षा में लापरवाही अथवा तकनीकी खामी की आशंका सामने आई थी।

पुलिस ने प्लांट के कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह पता लगाने की बात कही थी।

हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मजदूरों का कहना है कि किसी घटना के बाद जांच करने के साथ काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है। उनके अनुसार क्रेन से जुड़े काम में प्लेट, मशीनरी और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच अहम है।

पुलिस ने शुरू की जांच

ताजा हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि लोहे की प्लेट क्रेन से किस कारण नीचे गिरी।

जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और इसके लिए जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।