भिलाई: चखना लाने गए दोस्त लौटे तो ठंडे निकले समोसे, विवाद बढ़ा और दोस्त पर चल गया चाकू! दो आरोपी गिरफ्तार..

भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच ठंडे समोसे को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर हमले में बदल गया। शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में हिमांशु नेवारे की ओर से दोस्त योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू की बहन के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद योगेश्वर और मनीष लोनहारे उर्फ पीला ने उस पर चा-कू से हमला कर दिया। हिमांशु के पेट में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज एम्स में चल रहा है।

भिलाई में दोस्त पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, हिमांशु नेवारे अपने परिचित योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान हिमांशु ने दोनों को खाने के लिए चखना लाने के लिए भेजा।

दोनों रात में समोसे लेकर लौटे। समोसे ठंडे होने पर हिमांशु ने इसको लेकर नाराजगी जताई। इसी बात से तीनों के बीच बहस होने लगी और माहौल बिगड़ गया।

कहासुनी के दौरान हिमांशु ने योगेश्वर की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे योगेश्वर और मनीष भड़क गए। इसके बाद दोनों ने हिमांशु पर चा-कू से हमला कर दिया।

बताया गया है कि हमले के दौरान हिमांशु को कई बार चाकू मारा गया। उसके पेट में गंभीर चोट लगने के बाद उसे उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि हमलावर और घायल युवक पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच दोस्ती थी। तीनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। खाने के लिए लाए गए ठंडे समोसे को लेकर शुरू हुई बहस बाद में दोस्त की बहन पर की गई टिप्पणी तक पहुंच गई और विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया:

घटना की जानकारी मिलने के बाद सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हिमांशु को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों की तलाश शुरू की।

रातभर की कार्रवाई के बाद पुलिस ने योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला को पकड़ लिया। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को अदालत में पेश किया गया।

अदालत के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।