दुर्ग में 4.90 लाख की उठाईगिरी का खुलासा, गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड निकले मास्टरमाइंड
दुर्ग में कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार होने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले की साजिश गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने मिलकर तैयार की थी। कई दिनों तक कारोबारी की रेकी की गई और सही मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने कपल समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
28 जुलाई को मुक्त नगर निवासी व्यापारी प्रमोद महेश्वरी अपनी मारुति स्विफ्ट कार में करीब 4.90 लाख रुपए लेकर निकले थे। उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने कार खड़ी की और दूसरे काम से चले गए।
कुछ देर बाद लौटने पर कार के आगे बाईं ओर का शीशा टूटा मिला और नकदी से भरा बैग गायब था। इसके बाद पुलगांव थाने में मामला दर्ज किया गया। एसीसीयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास करीब 5 किलोमीटर के दायरे में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस की नजर शोरूम के एक कर्मचारी पर गई, जो बाद में मुख्य आरोपी निकला। उसकी निशानदेही पर पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया गया।
गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड निकले मास्टरमाइंड
पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड भुवनेश्वर डहरिया और सपना राजपूत हैं। दोनों गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड हैं और पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम में साथ काम करते थे। भुवनेश्वर शोरूम की डेमो कार चलाता था, जबकि सपना वहीं कर्मचारी थी।
गिरोह में भुवनेश्वर का मामा संतोष जोशी, संजय साहू और जितेंद्र कुमार भी शामिल थे। पुलिस जांच में सामने आया कि संजय साहू भी पूरी साजिश का अहम हिस्सा था।
कई दिनों तक की कारोबारी की रेकी
जांच में पता चला कि भुवनेश्वर कई दिनों से कारोबारी प्रमोद महेश्वरी की दिनचर्या पर नजर रख रहा था। उसे मालूम था कि प्रमोद महेश्वरी रोज सुबह नकदी से भरा बैग कार में लेकर आते हैं, शोरूम के सामने कार खड़ी करते हैं और कुछ देर के लिए बाहर चले जाते हैं।
इसी जानकारी के आधार पर पूरी साजिश रची गई। वारदात वाले दिन कारोबारी की कार पहुंचते ही भुवनेश्वर ने पहले अपनी डेमो कार हटाई। इसके बाद उसने सपना से एक्टिवा की चाबी ली और साथी संजय साहू के पास पहुंच गया। इसके बाद पूरी टीम सक्रिय हो गई।
पुलिस को गुमराह करने के लिए बदले तीन वाहन
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए तीन अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया। पहले एक्टिवा से साथी के पास पहुंचे, फिर दो अलग-अलग पल्सर बाइक से घटनास्थल पहुंचे।
वारदात के बाद सभी आरोपी अलग-अलग रास्तों से निकले और बाद में एक जगह इकट्ठा हुए, ताकि सीसीटीवी फुटेज से उनकी गतिविधियों का आसानी से पता न चल सके। इसके बाद पत्थर से कार का शीशा तोड़कर कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
रकम से किसी ने बाइक बनवाई, किसी ने पार्टी की
सभी आरोपी अपने एक साथी के कमरे पर पहुंचे, जहां रकम का बंटवारा किया गया। पुलिस के अनुसार, भुवनेश्वर ने उसी दिन एटीएम के जरिए अपनी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत के बैंक खाते में 1.04 लाख रुपए जमा कराए।
करीब 30 हजार रुपए पल्सर बाइक की मरम्मत और अन्य खर्चों में लगाए गए। बाकी रकम साथियों में बांट दी गई। किसी ने नए कपड़े खरीदे तो एक आरोपी कई दिनों तक दोस्तों के साथ शराब, बी*यर और पार्टी करता रहा।
पुलिस जब तक आरोपियों तक पहुंची, तब तक अधिकांश रकम खर्च हो चुकी थी। इसी वजह से पुलिस केवल 1.57 लाख रुपए ही बरामद कर सकी।
एक फोन कॉल से खुल गया पूरा राज
मामले में नया मोड़ तब आया, जब पुलिस जांच करते हुए भुवनेश्वर के मामा संतोष जोशी तक पहुंची। शुरुआत में उसने रकम की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसी दौरान पुलिस सपना राजपूत के घर पहुंची।
संयोग से संतोष जोशी का सपना के मोबाइल पर फोन आया। पुलिस ने सपना से स्पीकर ऑन कर बातचीत कराई। फोन पर संतोष ने कहा कि भुवनेश्वर पुलिस के हाथ लग गया है, लेकिन यह मत बताना कि तुम्हारे खाते में जो 1 लाख रुपए आए हैं, वह उसी ने जमा किए हैं।
पुलिस ने पूरी बातचीत सुन ली। इसके बाद साफ हो गया कि संतोष जोशी को रकम की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक उसने रकम में से 10 हजार रुपए भी लिए थे और खर्च किए थे। इसके बाद उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन लोगों ने बनाई थी पूरी योजना
पुलिस जांच के अनुसार, इस पूरी वारदात की योजना भुवनेश्वर डहरिया, उसकी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत और संजय साहू ने मिलकर बनाई थी। बाकी आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने और रकम ठिकाने लगाने में उनकी मदद की।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उसे वही पुरानी घुटन महसूस हुई—एक छोटा सा कमरा,
यह भी पढ़े : ऑनलाइन लोन ऐप का जाल: 20 हजार की मजबूरी कैसे बनी 3 लाख का कर्ज और बर्बादी की कहानी...रात के करीब 11:30 बजे थे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे https://chat.whatsapp.com/JZB9JQxil72096VB79T4RL?mode=hqctcla

.jpg)