iPhone विवाद में गुस्से में पहाड़ी पहुंचे 19 साल के बेटे को बचाने पहुंचे पिता ऊंचाई से गिरे! पति-बेटे को गिरता देख माँ ने भी लगाई छलांग! तीनों की मौत..

छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के तिसगांव इलाके में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय कुणाल चांदगुडे का माता-पिता से iPhone की EMI को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह पहाड़ी पर चला गया। उसे वापस लाने पहुंचे पिता और मां भी हादसे का शिकार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, कुणाल ने हाल ही में iPhone खरीदा था और उसकी EMI के भुगतान के लिए परिवार से पैसे मांग रहा था। इसी मुद्दे पर पिता मुरलीधर चांदगुडे के साथ उसकी बहस हुई। पिता की डांट के बाद वह घर से निकल गया और सुबह करीब 10 बजे वालुज MIDC थाना क्षेत्र के तिसगांव की खवड्या पहाड़ी पर पहुंच गया।

वालुज पुलिस के इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के अनुसार, कुणाल के पहाड़ी पर जाने की जानकारी मिलने के बाद उसके माता-पिता भी वहां पहुंच गए। पहाड़ी ऊंची होने के साथ चट्टानी और नीचे की ओर गहरी खाई वाली बताई गई है।

मां संगीता बेटे को लगातार समझाती रहीं और घर लौटने के लिए कहती रहीं। इस दौरान आसपास के ग्रामीणों और सरपंच ने भी मौके पर पहुंचकर कुणाल को समझाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी वहां पहुंची।

स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल लगाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक कुणाल को सुरक्षित नीचे लाने और समझाने की कोशिश होती रही। इस दौरान वह लगातार अपनी जगह बदलता रहा।

बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी गिरे:

दोपहर करीब 1 बजे मुरलीधर चांदगुडे बेटे के पास पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वह कुणाल को समझाने के साथ उसे पकड़कर सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कुणाल नीचे गिरा और उसे बचाने की कोशिश में पिता का भी संतुलन बिगड़ गया। दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए।

इसके कुछ ही समय बाद मां संगीता ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, पति और बेटे को गिरते देखने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। इस घटनाक्रम में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुडे, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल चांदगुडे के तौर पर हुई है। परिवार शहर के झाल्टा फाटा इलाके का रहने वाला बताया गया है।

iPhone 15 Pro दिलाने की पेशकश भी हुई:

तिसगांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव भी मौके पर कुणाल को समझाने वालों में शामिल थे। उनके मुताबिक, वहां मौजूद लोगों ने कुणाल से अपनी मां के बारे में सोचने और ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की थी।

संजय जाधव ने बताया कि कुछ लोगों ने कुणाल को iPhone 15 Pro दिलाने की बात भी कही, लेकिन वह अपनी बात से पीछे नहीं हटा। ग्रामीणों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे काफी देर तक समझाने का प्रयास किया।

पुलिस कर रही मामले की जांच:

घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है और घटना के समय मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने अभी पारिवारिक विवाद से जुड़ी पूरी परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। कुणाल की मानसिक स्थिति को लेकर भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।