नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंतर-मंतर पर हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ बच्चों ने उन्हें और उनकी मां को अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि बचपन में गलतियां होती हैं और यही समय उन्हें सही राह दिखाने का है। उन्होंने साफ कहा कि वह इन बच्चों को माफ करना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। यह पिछले नौ दिनों में उनका पांचवां वीडियो है। रात 11 बजे जारी इस वीडियो को पहले 30 मिनट में 13 लाख लोगों ने लाइक किया।
'गलतियों से सीखने का भी समय होता है'
वीडियो में पीएम मोदी ने कहा कि बचपन केवल गलतियां करने का नहीं, बल्कि उनसे सीखकर आगे बढ़ने का भी समय होता है। उन्होंने कहा कि समाज में जो आक्रोश है, उसे वह अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने इसे एक "कल्चरल शॉक" बताते हुए कहा कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकती हैं, यह चिंता का विषय है।
VIDEO देखे-
उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को गले लगाकर सही दिशा दिखाने की जरूरत है। उनके मुताबिक, उन्हें सजा देना, अदालतों के चक्कर लगवाना या समाज में प्रताड़ित करना समस्या का समाधान नहीं है।
'मैं इन बच्चों को माफ करना चाहता हूं'
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इन बच्चों को माफ करना चाहते हैं और समाज से भी उनकी इस भावना को स्वीकार करने की अपील की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कभी-कभी दांतों से जीभ कट जाती है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते क्योंकि दोनों हमारे अपने हैं। उसी तरह बच्चे भी हमारे अपने हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाना हमारी जिम्मेदारी है।
देश के लिए साथ चलने की अपील
वीडियो के अंत में पीएम मोदी ने बच्चों से कहा कि वे अपनी गलतियों से सीखें, अपने सपनों के साथ आगे बढ़ें और देश की प्रगति में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि देश लगातार आगे बढ़ रहा है और युवाओं का उज्ज्वल भविष्य ही उनका सपना है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक दिन पहले जारी वीडियो में उन्होंने संसद से पारित उस बिल का जिक्र किया था, जो परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने से जुड़ा है।
जंतर-मंतर की घटना का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उसे पूरी दुनिया ने देखा। उनके अनुसार, यह किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है। उन्होंने दोहराया कि बच्चों को सजा देने से हालात नहीं बदलेंगे, बल्कि उन्हें सही दिशा देना अधिक जरूरी है।
नोएडा की युवती पर दर्ज हुआ मामला
यह मामला 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ा है। वायरल वीडियो में रुचिका सिंह नाम की युवती प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती नजर आई थी।
गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह की शिकायत पर नोएडा के एक्सप्रेसवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद 30 जुलाई को पुलिस ने रुचिका के खिलाफ जानबूझकर अपमान करने, सार्वजनिक उपद्रव फैलाने और मानहानि सहित विभिन्न आरोपों में केस दर्ज किया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध किया है।
देश और प्रदेश की ऐसी ही महत्वपूर्ण व भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ भी साझा करें, ताकि सभी तक सही जानकारी पहुंच सके।

.jpg)