छत्तीसगढ़ में आज साय कैबिनेट की बड़ी बैठक, नई योजनाओं पर लग सकती है मुहर! पहली हॉकी लीग समेत खेलों के लिए 157 करोड़ का बड़ा प्रावधान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और विकास से जुड़ी आज की सबसे बड़ी हलचल मंत्रालय महानदी भवन में देखने को मिल सकती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में नई योजनाओं, किसानों, ग्रामीण विकास, उद्योग और खेलों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं प्रदेशवासियों को कुछ नई सौगात मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

बुधवार (5 अगस्त) को आयोजित होने वाली इस राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में विभिन्न विभाग अपने-अपने प्रस्ताव कैबिनेट के सामने प्रस्तुत करेंगे। सरकार ने फिलहाल बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय होने की संभावना बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार अधोसंरचना विकास, किसानों के हित में नई योजनाएं, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, उद्योगों को बढ़ावा देने और नए निवेश को आकर्षित करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े वित्तीय स्वीकृति वाले मामलों पर भी विचार किए जाने की संभावना है, ताकि विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

कैबिनेट बैठक में कुछ नए विधेयकों के प्रारूप और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े विषय भी चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं। सरकार पिछले कुछ समय से निवेश, ऊर्जा, खेल नीति और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में लगातार निर्णय ले रही है। ऐसे में इन क्षेत्रों से जुड़े नए प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

इधर, राज्य सरकार खेल सुविधाओं को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी बड़ा निवेश कर रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये और छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसकी जानकारी उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।