भिलाई,में लंबे समय के बाद भिलाई भारतीय जनता युवा मोर्चा में किसी तरह की कार्रवाई हुई है। जिन लोगों को हटाया गया है वे मंडल अध्यक्ष हैं। उनके ऊपर आरोप है कि उन्होंने संगठन के खिलाफ काम किया, विपक्ष के समर्थन में काम किया और अभी बीते चुनाव में अपने उम्मीदवार को जीतने का काम छोड़ दिया और कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में खुलकर काम किया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शरद सिंह ने कहा कि रिसाली मंडल अध्यक्ष विक्की सोनी को उनके मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनके काम करने का तरीका गलत था। भाजयुमो के संगठन में निष्क्रियता के साथ-साथ पार्टी विरोधी गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी ज्यादा बढ़ रही थीं। विक्की सोनी ने अभी बीते चुनाव में पार्टी विरोधी काम किया था। जिसके चलते उन्हें हटा दिया गया है।
हालांकि जिलाध्यक्ष शरद सिंह ने कहा कि रिसाली मंडल का पूरा काम अमितेश प्रताप सिंह कर रहे थे। इसलिए अमितेश को मंडल अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी दी गई है। जिलाध्यक्ष शरद सिंह ने कहा है कि संगठन से बड़ा कोई नहीं है। युवाओं को भाजयुमो संगठन में काम करने का मौका दिया जा रहा है। राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ लगातार भाजयुमो के द्वारा विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
मिशन-2023 को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए हर मोर्चे पर काम किया जा रहा है। युवा मोर्चा आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ी संख्या विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने विक्की सोनी के बारे में बताया कि विक्की सोनी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के मामले में भिलाई जिला बीजेपी संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू जी के द्वारा पहले ही निस्काषित किया गया है।
