तेलुगू देशम पार्टी TDP की संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव (एनटीआर) की बेटी उमा माहेश्वरी ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। वह 52 साल की थीं। उनका शव हैदराबाद के जुबली हिल्स क्षेत्र में उनके निवास पर पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ओस्मानिया अस्पताल भेज दिया है।
एसीपी एम सुदर्शन के मुताबिक, उमा माहेश्वरी कुछ बीमारियों से पीड़ित थीं. उनका पिछले कई महीनों से इलाज चल रहा था। सोमवार को वह अपने बेडरूम में पंखे से लटकी मिली। पुलिस को अंदेशा है कि तबीयत खराब होने की वजह से वह डिप्रेशन में चली गयी होगी। जिससे उसने आत्महत्या कर ली।
पहले पति का था अन्य महिला से संबंध, प्रताड़ित किया करता था
उमा माहेश्वरी का जीवन परेशानियों से भरा रहा, उनकी शादी पहले नरेंद्र राजन से हुई थी। लेकिन उस वक्त उसका किसी दूसरी लड़की से अफेयर चल रहा था। इतना ही नहीं वह उमा की पिटाई भी करता था। जब एनटीआर को इस बात का पता चला तो उन्होंने नरेंद्र को समझाया भी, लेकिन वह नही माना।
इसके बाद एनटीआर ने नरेंद्र से उमा को तलाक दिलवा दिया और कृष्णा जिले के कंठमनेनी श्रीनिवास प्रसाद से दोबारा शादी करवायी।


