छत्तीसगढ़ का पहला छत्तीसगढ़ी डिजिटल रेडियो स्टेशन ''रेडियो संगवारी " मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च किया गया

भिलाई की पत्रिका न्यूज:मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पहले डिजिटल रेडियो स्टेशन 'रेडियो संगवारी' का शुभारंभ किया।


 इस अवसर पर उन्होंने रेडियो संगवारी के संस्थापक एवं निदेशक सहित पूरी टीम को छत्तीसगढ़ की कला एवं संस्कृति के व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में एक अच्छी पहल बताते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।


 और साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मुझे यह जानकर बहुत खुशी हो रही है कि छत्तीसगढ़ की लोक कला, लोक संस्कृति और संगीत को आम लोगों तक डिजिटल रेडियो स्टेशन के माध्यम से पहुंचाने के लिए रेडियो संगवारी की स्थापना की गई है।


 मुझे बताया गया है कि ऐप के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को पूरे विश्व के लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जो निश्चित रूप से एक बहुत ही सराहनीय पहल है।


उन्होंने कहा कि यह मंच छत्तीसगढ़ की लुप्त होती सांस्कृतिक शैलियों और कला परम्पराओं को नया जीवन देने का सशक्त माध्यम हो सकता है। इसके जरिए नए कलाकारों के टैलेंट को भी आसानी से दुनिया के सामने लाया जा सकता है।


 आज भी रेडियो सुनने वालों की कमी नहीं है। कई रेडियो स्टेशन अपने इनोवेशन और अपनी नई सोच के कारण आज भी बहुत लोकप्रिय हैं, मुझे उम्मीद है कि रेडियो संगवारी द्वारा लॉन्च किया जा रहा डिजिटल रेडियो स्टेशन भी मनोरंजन का एक लोकप्रिय माध्यम बनेगा।