भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मेकाहारा जिले के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में वेंटिलेटर सुधारने के दौरान लापरवाही में एक महिला मरीज की जान चली गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक तरफ तकनीशियन वेंटिलेटर की मरम्मत करते दिख रहे है तो वहीं दूसरी तरफ परिजन पास में ही बेड पर मरीज से लिपट कर रोते नज़र आये।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस चौंकाने वाली घटना के बाद इसकी शिकायत रायपुर कलेक्टर से भी गई है, कलेक्टर ने परिजनों को मामले की सही जांच कराने का आश्वासन दिया है।
भाठापारा में रहने वाले राजा तिवारी ने बताया कि उनकी रिश्तेदार अनीता शर्मा को 25 जनवरी की सुबह 3 बजे अंबेडकर अस्पताल में इलाज कराने के लिए भर्ती कराया गया था, अनिता को हार्ट और थायराइड की परेशानी थी।
25 जनवरी की शाम करीब 4 बजे अनीता शर्मा को एम-1 आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, यहां पर उनकी देख रेख में लगे अस्पताल स्टाफ ने 26 जनवरी को उनके परिजनों को एक इंजेक्शन बाहर से लाने के लिए कहा था और बताया था कि इसे लगे बिना मरीज की हालत में सुधार नहीं होगा, परिजनों ने 2 दिन तक लेवोथायरोक्सिन इंजेक्शन की तलाश की लेकिन वो कहीं नहीं मिला।
इसी बीच 28 जनवरी को अनीता शर्मा को लगाए वेंटिलेटर से गैस लीक होने लगी, परिजनों ने मौके पर मौजूद स्टाफ को इसकी सूचना दी और तकनीशियन को बुलाने के लिए कहा, लेकिन टेक्नीशियन समय पर नहीं आया।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के तीन घंटे बाद तकनीशियन वहां पहुंचा और उसने मरीज के शरीर से वेंटिलेटर पाइप हटा दिया और मशीन को साइड में खिसका कर उसकी मरम्मत करने लगा।
वेंटिलेटर हटने से अनीता शर्मा की तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद डॉक्टरों की टीम ने अनीता शर्मा को मृत घोषित कर दिया और परिजनों को बॉडी को लेकर जाने के लिए कह दिया।
परिजनों के मुताबिक एम-1 आईसीयू में जिस वक्त अनीता शर्मा का वेंटिलेटर पाइप से गैस लीक हुआ था, इस दौरान वहां पर एक बेड खाली पड़ा हुआ था।
अनीता के परिजनों ने मौके पर मौजूद स्टाफ से अनीता को दूसरी बेड पर शिफ्ट करने की अपील की थी, लेकिन इसके बाद भी स्टाफ ने उनकी बात को अनसुना कर दिया।
इतना ही नहीं बल्कि जिस वक्त तकनीशियन पाइप हटाकर मशीन सही कर रहा था, उस वक्त भी परिजनों ने आपत्ति की थी, लेकिन तकनीशियन ने इसे अनसुना कर दिया।
अनीता शर्मा की मौत के मामले में हुई लापरवाही को लेकर डॉ. भीमराव अंबेडकर हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने मामले में जांच बिठाई है।
अंबेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसबीएस नेताम ने बताया कि संबंधित विभागों को पत्राचार किया है, वहां से अब तक कोई जवाब नहीं आया है, मेडिसिन डिपार्टमेंट का मामला है, वहां से जानकारी आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
इस पूरे मामले में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने रायपुर कलेक्टर से मुलाकात की और इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आसिफ खान ने मामले में जांच कराने और लापरवाही करने वाले डॉक्टर, तकनीशियन और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच नहीं होने पर अस्पताल परिसर में उग्र आंदोलन करने की भी बात कही है।

