अपने 8 माह के बच्चे को मौत के घाट उतारने वाली माँ का 6 दिन बाद तालाब से शव बरामद............

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत कुन्नी क्षेत्र में शराब पीने को लेकर पति से विवाद के बाद अपने 8 महीने के बच्चे की हत्या करके फरार हुई महिला का गांव एक तालाब में शव मिला है|

आशंका है कि महिला ने तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली है, जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को तालाब से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

जानकारी के मुताबिक कुन्नी चौकी क्षेत्र के ग्राम सकरिया रहने वाले पवन चौहान का अपनी पत्नी फुलकुमारी चौहान से शराब पीने को लेकर विवाद होता था|

 25 जनवरी को पवन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा तो शाम को पत्नी के साथ उसका विवाद हो गया, मामला ठंडा पड़ने के बाद वह सो गए, इस दौरान रात में फुलकुमारी ने चाकू से अपने 8 महीने के बेटे हितेश का गला काट कर उसके पेट में दो बार चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गई। 

कुन्नी चौकी के इंचार्ज राजेश्वर महंत ने बताया कि रात में विवाद होने के बाद वे सो गए थे, सवेरे पवन ने फुलकुमारी से गुडाखू (Tobacco) मांगा, वह उसे लेने बाहर गई तो वापस नहीं लौटी|

 पवन ने उठकर देखा तो उसे हितेश का खून से लथपथ शव मिला, इसके बाद उसने चौकी में इसकी सूचना दी। परिजनों के साथ पुलिस ने भी फुलकुमारी की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला।

बुधवार शाम कुन्नी के बड़का मुड़ा तालाब में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी शिनाख्त फुलकुमारी के रूप में हुई। तालाब में मिला शव सड़ने लगा था|

 जिससे आशंका जताई गई है कि उसने 26 जनवरी को ही तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। शव का पोस्टमार्टम गुरूवार को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद में किया जा रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद फुलकुमारी की मौत का करण साफ हो पाएगा। 

बता दें पवन और फुलकुमारी का दो साल पहले विवाह हुआ था, पति के शराब पीने के आदत की वजह से दोनों का पहले भी कई बार विवाद हो चुका है|

फुलकुमारी ने पवन से कहा था कि एक दिन वह बच्चे को मारकर खुद मर जाएगी, फिर पीते रहना शराब। इस घटना से दोनों के परिजनों को गहरा सदमा पहुंचा है।