बड़ी खबर : 39 लाख के 9 ईनामी नक्सली समेत 30 नक्सलियों ने सरकार के सामने किया आत्मसमर्पण. CM ने जताई ख़ुशी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर, छत्तीसगढ़ में नक्सली संगठन लगातार कमजोर होता नजर आ रहा है. बीजापुर में आज 30 नक्सलीयों द्वारा नक्सली संगठन से अलग होकर सीआरपीएफ के डीआइजी और बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव के सामने पेश होकर सरेंडर कर दिया है|  जिनमे आत्मसमर्पण करने वाले नौ नक्सलियों पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम रखा गया था. सीएम विष्णुदेव साय ने नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर खुशी जताई है|



हम आपको बता दें कि इस साल जनवरी से अब तक बीजापुर में कुल 180 नक्सली गिरफ्तार किए जा चुके हैं. वहीं, 76 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया. सीएम विष्णुदेव साय ने ट्वीट किया कि बीजापुर के 30 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया क्योंकि वे माओवादियों की विचारधारा से नाखुश थे और छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित थे. इनमें से कई ईनामी माओवादी भी थे.

CM साय ने आगे लिखा कि हमारी सरकार माओवाद की काली छाया से बचाने के लिए हर संभव तरीके और हर स्तर पर लड़ रही है. माओवाद के दुष्चक्र में फंसे बस्तर के आम आदिवासी अब मुख्यधारा में लौटने का प्रयास कर रहे हैं और यह स्वागत योग्य है। हमारी सरकार नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में आये इन जनजातियों के पुनरुद्धार के लिए तत्पर है।