CG : प्रेमी से शादी करने हेल्थ ऑफिसर युवती ने रच दी अपने ही अपहरण की झूठी कहानी ताकि परिवारवालों की नजर में प्रेमी को शादी के लायक साबित कर सके, पुलिस ने किया बेनकाब, जानिए क्या है मामला..

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : सक्ती, छत्तीसगढ़, सक्ती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां महिला CHO (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) अनुपमा जलतारे ने अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रची थी| अपहरण की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने सच्चाई का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की कहानी पूरी तरह से झूठी थी और इसे अनुपमा ने अपने पुरुष मित्र महेन्द्र जांगडे के साथ मिलकर रचा था।

मामला इस प्रकार शुरू हुआ कि अनुपमा ने अपने बॉयफ्रेंड महेन्द्र जांगडे से शादी करना चाहती थी| योजना के अनुसार 27 जून को सक्ती चौपाटी में उसने अपने प्रेमी को बुलवाया और इधर उसने अपने छोटे भाई को ठंडा पानी लाने के बहाने भेज दिया और खुद महेन्द्र जांगडे के साथ बिलासपुर के होटल स्वर्णभूमि, देवनंदन नगर चली गई। 

जब भाई लौटकर आया तो अनुपमा गायब थी। इसी बीच महेन्द्र ने अनुपमा के फोन से अनुपमा के भाई को फोन कर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। अनुपमा ने भी रोते हुए अपने भाई से फोन पर बात की, जिससे यह घटना असली लगने लगी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह अपहरण की कहानी एक साजिश थी। अनुपमा और महेन्द्र ने योजना बनाई थी कि अनुपमा के परिजन 15 लाख रुपये की व्यवस्था नहीं कर पाएंगे, जिसके बाद महेन्द्र खुद को हीरो साबित कर अपहरणकर्ताओं को 15 लाख रूपये देकर अनुपमा को 'अपहरणकर्ताओं' से छुड़वाएगा। इससे अनुपमा के परिवारवालों की नजर में महेन्द्र शादी के लायक साबित हो सके।

 इस दौरान महेन्द्र ने अनुपमा के फोन से फिरौती की मांग की और उसकी जान को खतरा बताकर परिवारवालों को डराया। इसके बावजूद, पुलिस ने सूझ-बूझ से काम लिया और इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की तह तक पहुंच गई।दोनों को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया |

पुलिस की त्वरित और प्रभावी जांच ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह अपहरण महज एक साजिश थी। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी। 
पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 120 (बी) और 384 के तहत कार्रवाई की है और दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना दिखाती है कि किस प्रकार लोग झूठी कहानियां गढ़ कर अपने निजी स्वार्थों के लिए कानून का दुरुपयोग कर सकते हैं। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

महिला CHO अनुपमा जलतारे और उनके मित्र महेन्द्र जांगडे द्वारा रची गई इस साजिश ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। दोनों की योजना थी कि महेन्द्र को परिवार के सामने एक नायक के रूप में प्रस्तुत कर सके, जिससे अनुपमा के परिवारवाले उसे विवाह के लिए स्वीकार कर लें। 

यह घटना न केवल कानून व्यवस्था की सुदृढ़ता को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि किसी भी स्थिति में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई कितनी महत्वपूर्ण हो सकती है। यह समाज के लिए एक चेतावनी भी है कि झूठ और छल की बुनियाद पर रिश्तों की नींव नहीं रखी जा सकती।