सांप पड़ा युवक के पीछे , 1 महीने में 5 बार काट चूका है , डॉक्टर ने परिजनों से युवक को कही और भेजने को कहा , घर से दूर भेजने पर वहां भी सांप ने काट लिया...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : यूपी के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक को 30 दिनों के भीतर पांच बार सांप ने काटा। हर बार अस्पताल में इलाज के बाद युवक स्वस्थ हो गया, जिससे डॉक्टर भी अचंभित हैं कि वह बार-बार ठीक कैसे हो रहा है।

युवक, जिसका नाम विकास दुबे (24) है, सांप के डर से अपने घर से भागकर मौसी के यहां चला गया, लेकिन सांप ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और वहां भी उसे काट लिया। इस घटना से विकास और उसके परिवार वाले बेहद परेशान और चिंतित हैं।

यह घटना फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव की है। विकास को एक से डेढ़ महीने के भीतर सांप ने पांच बार काटा, लेकिन हर बार उसका इलाज समय पर हुआ और वह ठीक हो गया। अभी भी उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है क्योंकि हाल ही में उसे फिर से सांप ने काटा था।

विकास के अनुसार, पहली बार दो जून की रात 9 बजे बिस्तर से उतरते समय सांप ने उसे काटा। उसके परिवार वाले उसे तत्काल एक प्राइवेट नर्सिंग होम में ले गए, जहां वह दो दिन भर्ती रहा और ठीक होकर घर आ गया। परिवार को लगा कि यह सामान्य घटना है, लेकिन 10 जून की रात फिर से सांप ने उसे काट लिया। 

परिवार वाले उसे जल्दी से अस्पताल ले गए और वह फिर से ठीक हो गया। सांप के डर से वह सतर्क हो गया था, लेकिन 17 जून को घर में फिर से सांप ने उसे काट लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी और परिवार वाले घबरा गए। अस्पताल में इलाज के बाद वह ठीक हो गया, लेकिन उसके घर आने के सात दिनों के भीतर ही सांप ने उसे चौथी बार काट लिया।

डॉक्टरों और रिश्तेदारों ने सलाह दी कि कुछ दिनों के लिए विकास को कहीं और भेज दिया जाए। सलाह मानते हुए वह अपनी मौसी के घर राधानगर चला गया, लेकिन वहां भी सांप ने उसे शुक्रवार की रात 12 बजे काट लिया। परिजन उसे उसी अस्पताल में ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इस घटना को लेकर लोग विभिन्न बातें कर रहे हैं और डॉक्टर भी हैरान हैं। परिवार के लोग भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं और उन्हें चिंता है कि कहीं फिर से सांप विकास को ना काट ले।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7