भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : यूपी , बरेली के शाही इलाके में एक और महिला की हत्या के बाद लोगों में भय का माहौल है। पिछले एक साल में यह 11वीं महिला की हत्या है, और सभी हत्याओं का तरीका समान है—गले में साड़ी का फंदा। इस नई घटना ने सीरियल किलर की संभावनाओं को फिर से उजागर कर दिया है।
गांव में दहशत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शाही थाना क्षेत्र के हौसपुर गांव में 45 वर्षीय अनीता देवी का शव गन्ने के खेत में पाया गया। पड़ोसी नवी हसन ने अचेत अवस्था में महिला को देखा और तुरंत गांव जाकर प्रधानपति राजकुमार और अन्य लोगों को बुलाया। जांच में पता चला कि अनीता देवी की हत्या कर दी गई थी और उसके गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ था।
थैली में मिले सुराग:
पुलिस को शव के पास एक थैली मिली जिसमें अनीता के कपड़े, बैंक की पासबुक और आधार कार्ड था। शिनाख्त के बाद पति सोमपाल ने पुष्टि की कि यह अनीता का शव है।
पिछली हत्याएं और जांच की दिशा
पिछले साल शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्रों में 10 महिलाओं की हत्या हो चुकी है। इन सभी हत्याओं में महिलाओं के गले में फंदा कसा हुआ मिला था। मतलब एक ही तरीके से उनकी हत्या की गयी थी|हालांकि, पुलिस कुछ मामलों में हत्या की बात से इंकार करती रही है।
पुलिस की नई रणनीति
सीरियल किलर की इस घटना के बाद पुलिस ने 7 टीमें गठित की हैं। एडीजी रमित शर्मा और आईजी डॉ. राकेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया और नए सिरे से जांच शुरू करने के निर्देश दिए। पुलिस ने ग्रामीणों से सूचनाएं साझा करने और महिलाओं को अकेले बाहर न जाने की हिदायत दी है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि पर जांच
अनीता और उसके पति सोमपाल की यह दूसरी शादी थी। अनीता का पूर्व पति से तलाक हो चुका था और उसका 20 साल का बेटा राजीव उसके साथ रहता था। सोमपाल की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी और उनका 22 साल का बेटा आनंद भी संयुक्त परिवार में रहता है। पुलिस पारिवारिक पृष्ठभूमि और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
मामले में पुलिस का कहना है की मौका मुआयना कर सात टीमों को खुलासे में लगाया गया है। पुराने मामलों की जांच के लिए विशेष टीम काम करेगी। ग्रामीणों को भरोसे में लेकर पुलिस काम करेगी और जल्द ही नतीजा निकलने की उम्मीद है।"
सुरक्षा के उपाय और ग्रामीणों की भूमिका
पुलिस ने ग्रामीणों से सूचनाएं साझा करने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने का आग्रह किया है। ग्राम प्रधानों के सहयोग से समितियां गठित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनीता देवी की हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, लेकिन पुलिस की नई रणनीति और ग्रामीणों के सहयोग से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सीरियल किलर का पता लगाया जा सकेगा। अनीता की हत्या के बाद से गाँव में फिर से भय का माहौल पैदा हो गया है|
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

