भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छग भिलाई , बीती रात कुम्हारी थाना अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। कैलाश नगर के निवासी 16 वर्षीय एम. श्रेयश ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। श्रेयश विशाखापट्टनम में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था और तीन दिन की छुट्टी पर अपने माता-पिता के पास आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार मृतक श्रेयश की मां इस समय अमेरिका में अपने रिश्तेदार से मिलने गई हुई है, जिसके चलते घर में सिर्फ श्रेयश और उसके पिता ही थे। श्रेयश के पिता जब बीती रात 9.30 बजे ड्यूटी से वापस लौटे, तो उन्होंने पाया कि श्रेयश के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
चिंतित पिता ने खिड़की से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। श्रेयश पंखे से लटका हुआ था। तुरंत दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनके बेटे की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। श्रेयश की आत्महत्या ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर से मानसिक स्वास्थ्य और युवा छात्रों के दबाव की ओर समाज का ध्यान आकर्षित किया है।
श्रेयश की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वो किसी दबाव में था? क्या उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही मिल पाएंगे। फिलहाल, एक होनहार छात्र का इस तरह से दुनिया को अलविदा कह जाना मृतक के परिवार के लिए गहरा आघात है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

