भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर ,छत्तीसगढ़ की वर्तमान कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में "जंगल राज" होने का आरोप लगाया है। उन्होंने 24 जुलाई को विधानसभा के घेराव का एलान किया है।
प्रेस वार्ता में बोलते हुए दीपक बैज ने कहा, "छत्तीसगढ़ में सुशासन का अभाव है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। हत्या, लूट, और बलात्कार जैसी घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। यहां तक कि गृह मंत्री का गृह क्षेत्र कवर्धा अपराध का गढ़ बन चुका है। पुलिस का पीसीआर वैन अब वसूली वैन बन चुका है।"
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बैज ने आरोप लगाया कि राज्य में नक्सली उन्मूलन के नाम पर निर्दोष आदिवासियों को गिरफ्तार और मारा जा रहा है। उन्होंने कहा, "नक्सलवाद के नाम पर प्रशासन ने निर्दोष आदिवासियों को निशाना बनाया है।"
अपने कार्यकाल की समीक्षा करते हुए बैज ने कहा, "मेरा एक साल का कार्यकाल चुनाव का कार्यकाल रहा है। इस दौरान दो बड़े चुनाव हुए: विधानसभा और लोकसभा चुनाव। हम हार गए, लेकिन हम अपनी कमियों को दूर करेंगे। जनता का जनादेश कांग्रेस के साथ नहीं था, लेकिन हम आगे पूरी मजबूती से काम करेंगे।"
24 जुलाई को विधानसभा के घेराव का एलान करते हुए बैज ने कहा, "हम जनता की आवाज़ को सरकार तक पहुंचाएंगे और कानून-व्यवस्था की इस बदतर स्थिति को सुधारने की मांग करेंगे।"
यह बयान राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ते तनाव को दर्शाता है और आने वाले समय में राजनीतिक तापमान और भी बढ़ सकता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

