भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बारां, राजस्थान, एनएच 27 पर झालावाड़ रोड ब्रिज के पास एक गाय को बचाने के प्रयास में दो बसें आपस में टकरा गईं, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। घायलों को बारां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से बसों को हटाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने थोड़े समय के लिए हाईवे को बंद कर दिया, जिसके बाद क्रेन की मदद से बसों को हटाया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों बसें अनुराधा ट्रेवल्स की थीं। एक बस नाहरगढ़ से बारां आ रही थी और दूसरी बस छबड़ा से बारां आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बसें एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थीं। अचानक सामने एक गाय आने से आगे वाली बस ने ब्रेक लगाए, जिससे पीछे वाली बस बेकाबू होकर टकरा गई। जिसके बाद सामने वाली बस पुल से टकराकर पलटी हो गई।
घटना स्थल का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और एसपी राजकुमार चौधरी भी पहुंचे। एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि या तो हाईवे से आवारा पशुओं को हटाएं या फिर हाईवे पर बैठने वाले गोवंश पर रेडियम के रिफ्लेक्टर लगवाएं।
यह दुर्घटना दर्शाती है कि सड़क सुरक्षा और आवारा पशुओं के प्रबंधन पर ध्यान देने की सख्त आवश्यकता है। इससे न केवल जान-माल की हानि होती है, बल्कि हाईवे पर यातायात भी प्रभावित होता है। इस दिशा में प्रशासन को त्वरित और प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

