भिलाई नगर निगम में सफाई के नाम पर हुए 4 करोड़ रुपये के घोटाला , 200 कर्मचारियों को बिना काम किए हर महीने वेतन का किया जा रहा था भुगतान , आयुक्त से शिकायत...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर निगम में सफाई के नाम पर हुए 4 करोड़ रुपये के घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। MIC की जांच कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 200 कर्मचारियों को बिना काम किए हर महीने वेतन का भुगतान किया जा रहा था। इस घोटाले में कर्मचारियों के ESI और PF के पैसे भी गबन कर लिए गए हैं। 

ठेका कंपनी और ठेकेदारों पर सवाल

मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घोटाले का केंद्र बिंदु नागपुर की कंपनी अर्बन एनवायरमेंट केयर प्राइवेट लिमिटेड है, जिसे 36 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया था। कंपनी के डायरेक्टर सुरेश शर्मा और MD कमलेश शर्मा पर यह आरोप लगाया गया है कि उन्होंने सफाई कर्मचारियों के नाम पर फर्जी भुगतान किए और उनके ESI और PF का पैसा जमा नहीं किया। 

जांच में निकली चौंकाने वाली बातें

भिलाई नगर निगम की सामान्य सभा में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों के पार्षदों ने सफाई में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। इसके बाद एक जांच कमेटी का गठन किया गया, जिसने ज़ोन-1 के फरीद नगर मैदान में सभी सफाई कर्मचारियों की हाजिरी ली। जब गिनती की गई तो आधे कर्मचारी ही मौके पर मौजूद पाए गए। ठेका एजेंसी ने अपनी गलती छुपाने के लिए छुट्टी पर चल रहे कर्मचारियों को भी बुला लिया, फिर भी संख्या पूरी नहीं हो पाई।

खस्ताहाल वाहनों की हालत

ठेका एजेंसी ने सफाई के लिए रिक्शा, ई-रिक्शा और डीजल गाड़ियों का उपयोग किया, लेकिन उनका मेंटेनेंस करने में नाकाम रही। नतीजतन, कई ई-रिक्शा और वाहन अब कंडम हालत में पहुंच गए हैं। पार्षदों के मुताबिक, मेंटेनेंस के अभाव में सफाई कर्मचारी इन वाहनों को चलाने में असमर्थ हैं और दबाव के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ESI और PF का घोटाला

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि ठेका एजेंसी ने अधिकांश कर्मचारियों के ESI और PF के पैसे जमा नहीं किए हैं। कुछ कर्मचारियों का पैसा जमा किया गया, जबकि बाकी का नहीं। इसके बावजूद, निगम द्वारा कंपनी को वेतन का भुगतान जारी रहा।

जांच दल की सिफारिशें और कार्रवाई

जांच टीम में शामिल पार्षदों ने ठेका कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आयुक्त से मिलकर शिकायत की और जांच में सामने आई अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7