भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : राजस्थान ,झालावाड़ जिले के जावर थाना क्षेत्र के सोरती गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती की हत्या उसके ही परिजनों ने कर दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो श्मशान में अधजली लाश छोड़कर सभी फरार हो गए। युवती के पति रवि भील ने इस हादसे के बाद फूट-फूटकर रोते हुए अपने दुख को बयान किया।
एक पल में बर्बाद हो गई दुनिया
रवि ने बताया कि उसकी पत्नी शिमला की जान बचाई जा सकती थी, अगर हरनावदाशाहजी पुलिस उसकी सूचना पर तुरंत हरकत में आ जाती। जब शिमला का अपहरण हुआ, तो रवि तुरंत थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। दो घंटे बाद, जब गांव से उसके परिचित ने शिमला की हत्या और जलाने की सूचना दी, तब पुलिस हरकत में आई। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
छुपकर की थी शादी
रवि ने बताया कि उन्होंने 17 जुलाई 2023 को गाजियाबाद में शिमला के साथ कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद वे गांव लौट आए और शिमला अपने घर में रहकर बीएड की पढ़ाई कर रही थी। 11 जून को उनकी शादी का पता शिमला के घरवालों को चला, जब वह उसे लेकर झालावाड़ आया। इसके बाद शिमला के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन दोनों बालिग होने के कारण पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। फिर वे मध्यप्रदेश में रहने लगे।
फीस जमा करवाने गए थे, हुआ अपहरण
गुरुवार को बीएड की फीस जमा कराने के लिए वे हरनावदाशाहजी बैंक पहुंचे। वहां शिमला के परिजनों ने उन्हें देख लिया और शिमला के पिता, मां, भाई समेत अन्य लोग वहां पहुंचे। शिमला ने रवि को पुलिस बुलाने के लिए भेजा, लेकिन उसके परिजन उसे जबरदस्ती ले गए और उसकी हत्या कर दी।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद से सोरती गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। युवती के घर पर ताला लटका हुआ है और परिजन गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला कि युवती को सोरती की तरफ लाया गया था और शमशान में जलाया गया। प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि युवती की हत्या कर शव को जलाया गया है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही सभी बातों की पुष्टि हो पाएगी।
न्याय की गुहार
रवि भील ने हरनावदा थाने में शिमला के अपहरण की रिपोर्ट दी है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। रवि का कहना है कि अगर पुलिस समय पर एक्शन लेती, तो शायद उसकी पत्नी की जान बच सकती थी। अब रवि न्याय की उम्मीद में है, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और उसकी पत्नी को न्याय मिल सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

