जरुरी सूचना : राशनकार्ड नवीनीकरण की नई तारीख, मोबाइल एप से भी कर सकते हैं आवेदन: जानिए पूरी जानकारी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छग , रायपुर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशनकार्ड नवीनीकरण की आखिरी तारीख अब 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने प्रदेश में प्रचलित राशनकार्ड के नवीनीकरण और ई-केवायसी के लिए निर्देश जारी किए हैं। खाद्य विभाग के संचालक जितेन्द्र शुक्ला के अनुसार, प्रदेश के सभी श्रेणी के राशनकार्डधारियों - अन्त्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और एपीएल योजना के तहत, 15 अगस्त तक ई-केवायसी और नवीनीकरण करना अनिवार्य है।

77 लाख राशनकार्ड धारकों में से 70 लाख का नवीनीकरण पूरा

प्रदेश में लगभग 77 लाख राशनकार्ड हितग्राही हैं, जिनमें से अब तक कुल 70 लाख 26 हजार 106 राशन कार्डधारकों का नवीनीकरण किया जा चुका है। नवीनीकरण के कार्य में सबसे आगे बीजापुर जिला है, जहां कुल 71,329 हितग्राहियों में से 71,109 ने नवीनीकरण कराया है। नारायणपुर जिला दूसरे स्थान पर है, जहां 36,136 में से 35,790 हितग्राहियों ने, और सुकमा जिला तीसरे स्थान पर है, जहां 78,703 हितग्राहियों में से लगभग 78 हजार हितग्राहियों ने नवीनीकरण का कार्य पूरा कर लिया है।

मोबाइल एप से करें नवीनीकरण

राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग ने एक नया मोबाइल एप तैयार किया है, जिसे प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट [http://khadya.cg.nic.in](http://khadya.cg.nic.in) से भी एप डाउनलोड करके नवीनीकरण का कार्य कर सकते हैं। उचित मूल्य की दुकानों पर जाकर भी ऑनलाइन माध्यम से अपना नवीनीकरण और ई-केवायसी का कार्य करा सकते हैं।

निःशुल्क ई-केवायसी और नवीनीकरण

ई-केवायसी के लिए प्रत्येक हितग्राही का बायोमेट्रिक अद्यतन होना चाहिए। जिन सदस्यों का बाल आधार बना है, उन्हें पहले आधार सेवा केंद्र से अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा। इसके पश्चात् उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस मशीन से ई-केवायसी कर सकते हैं। राशनकार्ड में ई-केवायसी और नवीनीकरण की सुविधा निःशुल्क है।

राशनकार्ड नवीनीकरण और ई-केवायसी की यह प्रक्रिया सरकार द्वारा हितग्राहियों की सुविधा और पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए की गई है। सभी पात्र हितग्राही इस सुविधा का लाभ उठाएं और समय पर अपने राशनकार्ड का नवीनीकरण और ई-केवायसी कराएं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7