भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : खरगोन में एक अद्भुत और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। एक रिटायर्ड प्रिंसिपल मायादेवी गुप्ता ने दावा किया है कि उन्हें एक बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान गिफ्ट में मिली चॉकलेट में नकली दांत मिले। चॉकलेट का रेपर कैडबरी चॉकलेयर्स गोल्ड कॉफी फ्लेवर का था। इस घटना से प्रिंसिपल मायादेवी गुप्ता बेहद सहम गईं और उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताया।
घटना का विवरण
मायादेवी गुप्ता ने बताया कि उन्हें चॉकलेट खाने का शौक है। जब उन्होंने चॉकलेट चबाई तो उसमें कुछ कड़क महसूस हुआ। पहले उन्हें लगा कि यह चॉकलेट का ही कोई क्रंची पार्ट होगा, लेकिन जब उन्होंने दोबारा चबाया तो उनके मुंह में नकली दांत हिल गए। जब उन्होंने चॉकलेट को मुंह से बाहर निकाला तो उसमें चार नकली दांतों का सेट मिला। यह नकली दांत हुबहू मानव दांतों की तरह थे और उनमें गैप भी था, जो सामान्य रूप से इंसानों के कैप्ड दांतों में होता है।
गिफ्ट का स्रोत अज्ञात
प्रिंसिपल मायादेवी गुप्ता आस्थाग्राम ट्रस्ट में फ्री सेवाएं देती हैं और वहां आवासीय बच्चों को पढ़ाती हैं। कई समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने आते हैं। ऐसे ही एक जन्मदिन पर उन्हें चॉकलेट मिली थी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि वह गिफ्ट किसकी ओर से आया था।
खाद्य एवं औषधि विभाग की जांच
मायादेवी गुप्ता का मानना है कि नामी कंपनियों की चॉकलेट में इस तरह की लापरवाही गंभीर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने शासन और प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की अपील की। वहीं, खरगोन जिला खाद्य एवं औषधि विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और चॉकलेट के स्थानीय रिटेलर मेसर्स धन लक्ष्मी से सैंपल लिए हैं। फूड सेफ्टी ऑफिसर एचएल अवास्या ने कहा कि प्राचार्य से चर्चा की गई है और सैंपल विभाग की प्रयोगशाला में भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सतर्कता की आवश्यकता
इस घटना ने आमजन को चेतावनी दी है कि किसी भी खाद्य सामग्री का उपभोग ध्यान से करें। सेहत से जुड़े मामले में कोई भी लापरवाही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। यह घटना एक संकेत है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना आवश्यक है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

