भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग, अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए किसानों की जमीन पर की जा रही जबरन कार्यवाही ने इलाके में उथल-पुथल मचा दी है। सोमवार को इस मुद्दे को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने तहसील कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और क्षेत्रीय विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पुतला दहन किया।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। देशमुख ने आरोप लगाया कि गेल इंडिया की अधिकृत प्राइवेट कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए किसानों की खड़ी फसलों और फेंसिंग को तबाह किया जा रहा है, और किसानों को उचित मुआवजा भी नहीं दिया गया है।
बल प्रयोग और धमकी
देशमुख का कहना है कि तहसीलदार राधेश्याम वर्मा और गेल इंडिया के मैनेजर प्रशांत गुप्ता किसानों पर बल प्रयोग कर, उन्हें थाने में बिठाकर धमका रहे हैं ताकि पाइपलाइन बिछाने का काम जारी रह सके। इसके विरोध में किसानों ने युवा कांग्रेस के नेतृत्व में तहसील कार्यालय का घेराव किया।
ग्राम पोटिया की स्थिति
ग्राम पोटिया में भी काबिल काश्त भूमि पर सड़क निर्माण कंपनी द्वारा अवैध रूप से रेडी मिक्स प्लांट स्थापित किया गया है। किसानों ने इस अवैध प्लांट को हटवाने के लिए आवेदन भी किया है।
तहसीलदार को माला
विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेसियों ने तहसीलदार को प्रतीकात्मक 10 रुपए की माला भेंट करने की कोशिश की। उन्होंने यह माला किसानों को प्रताड़ित नहीं करने और बिना पूछे फेंसिंग तोड़कर फसल बर्बाद नहीं करने के आग्रह स्वरूप दी। पुलिस प्रशासन ने इस दौरान हस्तक्षेप करते हुए प्रदर्शनकारियों को रोका, जिससे हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।
इस घटना ने इलाके में प्रशासनिक और सामाजिक मुद्दों को उजागर किया है, जिससे किसानों की दुर्दशा पर ध्यान केंद्रित हुआ है। इस विरोध प्रदर्शन के बाद, किसानों की समस्याओं को किस तरह हल होगा यह देखने वाली बात होगी|
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

