भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :यूपी के बांदा से दिल को झकझोर देने वाली एक घटना ने सबको हिला कर रख दिया है। दिव्यांग युवती शहजादी, जिसे आगरा के उजैर ने फेसबुक के माध्यम से उसकी दिव्यांगता का फायदा उठाकर प्रेमजाल में फंसाया, अब दुबई में फांसी की सजा का सामना कर रही है। यह कहानी प्यार, धोखा और अब फांसी की सजा की है।
यह भी पढ़े -रायपुर में सेक्स रैकेट का हुआ भंडाफोड़: लंबे समय से चल रहे अनैतिक कार्य में 4 युवती, 1 महिला तथा 4 पुरुष गिरफ्तार..
प्यार का जाल और दर्दनाक सफर
बांदा के गोयरा मुगली गांव की रहने वाली शहजादी की मुलाकात इंटरनेट पर आगरा के नाई की मंडी क्षेत्र के उजैर से हुई थी। दोनों में प्यार हुआ और यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया। उजैर ने शहजादी को शादी के बहाने आगरा बुलाया और उसके साथ आना-जाना चलता रहा।
दुबई में धोखे का खुलासा
शहजादी के पिता शब्बीर के अनुसार, उजैर की फूफी अबू धाबी में एक कॉलेज में प्रोफेसर हैं। साजिश के तहत उजैर ने शहजादी का पासपोर्ट और वीजा बनवाया, और उसका एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज भी रख लिए। उजैर ने शहजादी को नौकरी के बहाने अपनी फूफी के यहां भेजा, लेकिन असल में उसे बेच दिया।
मौत का झूठा आरोप और फांसी की सजा
पिछले वर्ष, उजैर की फूफी के यहां छोटे बेटे की मौत वैक्सीन की ओवरडोज लगने के कारण हो गई थी। फूफी ने इस मौत का झूठा आरोप शहजादी पर मढ़ दिया, जिसके बाद से वह पिछले डेढ़ साल से अबू धाबी की अल बतवा जेल में बंद है। कोर्ट ने शहजादी को इस आरोप में फांसी की सजा सुनाई है।
परिवार की संघर्ष
शहजादी के परिजन उसे रिहा कराने के लिए कई बार आगरा गए, लेकिन उजैर और उसके परिवार ने मिलने से इनकार कर दिया। शब्बीर कहते हैं कि अगर उजैर की फूफी का परिवार सजा माफी के लिए अपील कर दे, तो शहजादी को राहत मिल सकती है।
सरकारी मदद की उम्मीद
बांदा एसपी अंकुर अग्रवाल के मुताबिक शहजादी के स्वजन की शिकायत को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। शहजादी के परिवार ने बांदा कोर्ट में गुहार लगाई है, जिसके बाद सीजेएम कोर्ट के आदेश पर उजैर और उसके रिश्तेदारों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह घटना एक चेतावनी है कि इंटरनेट पर बनने वाले रिश्तों में कितनी सावधानी बरतनी चाहिए। शहजादी की दर्दनाक कहानी ने न केवल बांदा बल्कि पूरे देश को हिला कर रख दिया है। अब देखना यह है कि क्या शहजादी को न्याय मिल पाता है या नहीं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

