भिलाई में आयुष्मान कार्ड वितरण: घर-घर पहुंचाएंगी मितानीन, पुराने बने कार्ड नहीं होंगे मान्य, निःशुल्क इलाज की नई सौगात...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत योजना) के तहत भिलाई नगर निगम क्षेत्र में बने 50,000 आयुष्मान कार्ड अब मितानीन घर-घर जाकर बांटेंगी। इस योजना का उद्देश्य सभी नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) कार्डधारक इस योजना के तहत 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज करा सकते हैं, जबकि सामान्य कार्डधारक 50,000 तक का निःशुल्क इलाज प्राप्त कर सकते हैं। 

पुराने स्मार्ट कार्ड अब मान्य नहीं होंगे, और नागरिकों को नए आयुष्मान कार्ड बनवाने की आवश्यकता होगी। हालांकि, 2018 के बाद बने आयुष्मान कार्ड से इलाज हो सकेगा और उन्हें नया कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं होगी। विशेष प्रकार के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से स्वीकृति मिलने पर 25 लाख तक का निःशुल्क इलाज संभव है। 

नए आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 3,000 प्रकार की बीमारियों का इलाज हो सकेगा। पहले की शिकायतों के आधार पर, अब अन्य अस्पतालों में दांत, डिलीवरी और आँखों का इलाज संभव नहीं है, लेकिन भिलाई के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल सेक्टर 9 में यह संभव है। 

आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि प्रत्येक परिवार के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना आवश्यक है। अभी तक लगभग 1.75 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनने बाकी हैं। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मितानीन पुराने आयुष्मान कार्ड को घर-घर जाकर वितरित करेंगी, और नए कार्ड बनाने के लिए प्रथम पाली में घर-घर जाकर और द्वितीय पाली में आंगनबाड़ी केंद्रों और नजदीकी लोक सेवा केंद्रों में यह काम किया जाएगा। 

नए आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पंजीयन हेतु आधार कार्ड में लिंक मोबाइल नंबर और राशन कार्ड की आवश्यकता होगी। इस कार्ड के माध्यम से जिले के सभी महत्वपूर्ण अस्पतालों में निःशुल्क इलाज संभव होगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7