भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग के भिलाई क्षेत्र में जामुल थाना अंतर्गत जामुल नगर पालिका के पास, नहर किनारे अवैध सट्टा खिलाने के साथ-साथ अवैध शराब और गांजा का कारोबार खुलेआम चल रहा है। जब यहां के वार्ड 4 के पार्षद नरेंद्र देवदास ने इस अवैध गतिविधियों का विरोध किया और कई जगहों पर इसकी शिकायत की, तो इन अपराधियों ने उनके माता-पिता पर कटर से हमला कर दिया।
पार्षद ने किया विरोध, हुई शिकायत
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्षद नरेंद्र देवदास ने बताया कि उनके वार्ड में उनके घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर नहर के किनारे अवैध शराब और गांजा की बिक्री होती है और सट्टा खिलवाया जाता है। उन्होंने इसका विरोध किया और नगर पालिका तथा पुलिस में शिकायत की। इसके बाद, इस अवैध कार्य में शामिल कृष्णा साहू ने पार्षद से दुश्मनी पाल ली।
नशे में धुत लोगों का उत्पात
पार्षद के पिता, सत्यम टेलर्स सुपेला में काम करते हैं। सोमवार देर शाम जब वे काम से वापस आ रहे थे और घर के पास पहुंचे, तो वहां कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। पार्षद के पिता ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो वे लोग झगड़ने लगे। पार्षद की मां के वहां पहुंचने पर उन अपराधियों ने कटर से हमला कर दिया, जिससे उनके पिता के सिर में गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पार्षद नरेंद्र अपने पिता को लेकर जामुल थाने पहुंचे। जामुल पुलिस ने बुजुर्ग को सुपेला अस्पताल पहुंचाया और उनका इलाज करवाया। पार्षद ने पुलिस को वह कटर भी सौंप दिया, जिससे उनके पिता पर हमला किया गया था।
पहले से थी हमले की योजना
घायल पार्षद के पिता सुरेंद्र देवदास ने बताया कि वे रोज की तरह शाम को अपने घर जा रहे थे। उस दिन उनके ऊपर हमला करने के लिए 5-6 लड़के पहले से ही वहां बैठे थे। जैसे ही उन्होंने उन्हें देखा, वे हुज्जतबाजी करने लगे और फिर कटर से हमला कर दिया।
इस घटना ने नगर में अवैध कारोबार के बढ़ते आतंक को उजागर किया है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना यह है कि पुलिस और प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

