भिलाई : CCTV फुटेज में खुला राज: पिता से मोबाइल पर बात करने की कोशिश कर रहे बेटे ने मोबाइल पर देखा पिता का बेडरूम में पड़ा शव...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग, भिलाई (दुर्ग ) बीएसपी के पूर्व डीजीएम तरविंदर सिंह क्षत्रीय (68 वर्ष) का शव उनके चौहान टाउन जुनवानी स्थित घर के बेडरूम में संदिग्ध अवस्था में मिला है। उनके बेटे ने पिता से कांटेक्ट करने का बहुत प्रयास किया | कोई जवाब नहीं मिलने पर जब उसने अपने मोबाइल पर घर की सीसीटीवी फुटेज देखी, तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ। स्मृति नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल, मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

परिवार से अलग रहते थे तरविंदर सिंह क्षत्रीय

तरविंदर सिंह क्षत्रीय का परिवार उनसे अलग रहता था। उनका बेटा पाटन के पेंडरी गांव में और पत्नी अपनी बेटी के साथ रिसाली में रहती हैं। तरविंदर सिंह अकेले चौहान टाउन में रह रहे थे। गुरुवार को आखिरी बार मृतक की अपने बेटे से बात हुई थी। इसके बाद से ही उनका फोन नहीं लग रहा था। रविवार को जब बेटे ने सीसीटीवी फुटेज देखी, तब उसे बेडरूम में पिता का शव पड़ा मिला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच

पुलिस का मानना है कि तरविंदर सिंह क्षत्रीय की मौत दो दिन पहले हुई होगी। शव से बदबू आने लगी थी, जिससे अंदाजा लगाया गया कि मौत कुछ समय पहले ही हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। 

मैत्रीबाग को संवारा और नई पहचान दिलाई

तरविंदर सिंह क्षत्रीय ने बीएसपी के मैत्रीबाग के प्रभारी रहते हुए उसे फिर से संवारा और नई पहचान दिलाई। उन्होंने उजड़ते मैत्रीबाग को फिर से जिंदा किया। मिनी ट्रेन को दोबारा मरम्मत कर चालू किया, कबाड़ हो चुके म्यूजिकल फाउंटेन को फिर से शुरू किया, और सर्व धर्म समभाव का संदेश देता भारत का नक्शा, डाल्फिन फव्वारा, मोमबत्ती लॉन उनके कार्यकाल में बनाए गए। इन कार्यों ने मैत्रीबाग को एक नई पहचान दिलाई।

तरविंदर सिंह क्षत्रीय के निधन के बाद उनकी यादें और योगदान हमेशा जीवित रहेंगे। उनके द्वारा किए गए कार्य और सुधार हमेशा याद रखे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और उम्मीद है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।

 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7