भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। आरोप है कि महिला हेड कॉन्स्टेबल की डांट-फटकार के कारण किसान की जान गई। महिला पुलिसकर्मी जमीन विवाद के मामले में जांच करने पहुंची थी। कांग्रेस का कहना है कि नए कानून का भय दिखाने से किसान की मृत्यु हुई।
गांधी नगर क्षेत्र के ग्राम सुखरी निवासी भगवती राजवाड़े ने 29 जून को अपने चाचा रामसुंदर राजवाड़े और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। भगवती के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और आरोप है कि चाचा और उनका परिवार उस पर दबाव डालकर उसकी जमीन हड़पना चाहता है।
पुलिस टीम ने की जांच
गांधीनगर थाने की प्रधान आरक्षक वीणा रानी तिर्की सोमवार दोपहर को दो पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंची। उनके साथ भगवती राजवाड़े भी थीं। वहां रामसुंदर राजवाड़े और उनके परिवार ने पहले से ही 15-20 लोगों को इकट्ठा कर रखा था।
किसान की बेसुध होकर गिरने से मौत
परिजनों का आरोप है कि वीणा रानी तिर्की ने रामसुंदर राजवाड़े को डांट-फटकार लगाई, जिससे वह बेसुध होकर गिर पड़े। अचेत हो जाने पर वीणा रानी तिर्की ने डायल-112 की टीम को कॉल किया और रामसुंदर को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि तिर्की ने न सिर्फ डांटा, बल्कि धक्का-मुक्की भी की, जिससे रामसुंदर को सदमा लगा और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष का बयान: नए कानून का साइड इफेक्ट
सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि किसान रामसुंदर सुखरी ग्राम के पटेल और शाला विकास समिति के अध्यक्ष थे। महिला पुलिसकर्मी के डांटने से वे सहम गए। गुप्ता ने इसे नए कानून का साइड इफेक्ट बताया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस के मनमाने व्यवहार से लोगों में भय पैदा हो गया है, जो उचित नहीं है।
निलंबन की मांग और अधिकारियों की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेताओं ने दोषी महिला हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित करने की मांग की। सूचना पर अंबिकापुर सीएसपी रोहित शाह, थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस शालीनता से बात करती तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

