CG: राजधानी में डॉक्टर के घर पार्सल छोड़ने आये डिलीवरी बॉय पर पिटबुल का हमला , एक ने डिलीवरी बॉय के हाथों को जबड़े में दबोच लिया, जबकि दूसरा उसके पैरों को नोंचता रहा, किया लहूलुहान...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दो पिटबुल कुत्तों ने एक डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना अनुपम नगर की है, जहां युवक सलमान खान पार्सल छोड़ने डॉक्टर संध्या राव के घर आया था। इसी दौरान खुले घूम रहे पिटबुल कुत्तों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। एक कुत्ते ने सलमान के हाथों को जबड़े में दबोच लिया, जबकि दूसरा उसके पैरों को नोंचता रहा। 

घटना का विवरण

यह पूरा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कालीमाता वार्ड का है। स्थानीय पार्षद अमितेश भारद्वाज ने बताया कि डॉक्टर संध्या राव के घर में तीन कुत्ते हैं, जिनमें से दो पिटबुल नस्ल के हैं। शुक्रवार को जब डिलीवरी बॉय पार्सल छोड़ने आया, तो दरवाजे के पास पहुंचते ही दोनों पिटबुल कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। 

पड़ोसियों ने बनाया वीडियो

हमले के दौरान सलमान चीख-चीखकर मदद मांग रहा था, लेकिन आसपास के लोग कुत्तों के डर से पास नहीं आए। इस बीच, पड़ोसियों ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे पिटबुल कुत्ते युवक को काट रहे हैं। 

कार पर चढ़कर बचाई जान

सलमान अपनी जान बचाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार पर चढ़ गया, जिसकी हाइट अधिक होने के कारण पिटबुल उस तक नहीं पहुंच पाए। लेकिन हमले में डिलीवरीबॉय बुरी तरह घायल होक्र लहूलुहान हो गया| 

पहले भी हो चुकी घटनाएँ

पार्षद अमितेश ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टर संध्या राव ने सलमान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां उससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई। इससे पहले भी डॉक्टर संध्या के कुत्तों ने कई लोगों पर हमला किया है। कॉलोनी वासियों ने निगम कमिश्नर और खम्हारडीह थाने में पिटबुल मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है।

खतरनाक नस्लों पर प्रतिबंध की चर्चा

हाल ही में कुत्तों के बढ़ते हमलों के चलते 23 विदेशी नस्ल के खतरनाक कुत्तों के इंपोर्ट, प्रजनन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का विचार किया जा रहा है। इनमें पिटबुल, रॉटविलर, अमेरिकन बुलडॉग, वुल्फ और मास्टिफ जैसी नस्लें शामिल हैं। इन कुत्तों को इंसानों के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। हालांकि, अभी तक इस प्रतिबंध पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

इस घटना ने पिटबुल और अन्य खतरनाक नस्लों के कुत्तों के प्रजनन और बिक्री पर प्रतिबंध की चर्चा को फिर से तेज कर दिया है। यह सवाल उठता है कि क्या पालतू जानवरों के चयन में सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7