भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। जतमई घटारानी के दर्शन के बाद लौट रहे पर्यटकों से भरी एक पिकअप वाहन ग्राम दरचुरा हाईवे मार्ग पर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में 6 वर्षीय एक बच्ची, 4 महिलाएं, और 6 पुरुष शामिल हैं। मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय कामिनी साहू के रूप में की गई है, जो करहुल गांव की निवासी थीं।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब पिकअप घर लौटते समय अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का नंबर सीजी 25 H 5732 है।
स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिली है। इस हादसे ने स्थानीय लोगों के बीच शोक की लहर फैला दी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

