भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में राज्य के 160 आईटीआई संस्थानों को उन्नत करके मॉडल आईटीआई में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके लिए रोजगार और प्रशिक्षण विभाग ने 484 करोड़ 22 लाख रुपये की मंजूरी दी है।
इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्रदान करना है, जिससे वे रोजगार के बेहतर अवसर पा सकें। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने इस उन्नयन को युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि करार दिया है और कहा है कि यह मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तैयार की गई योजना का हिस्सा है।
योजना के पहले चरण में, 160 आईटीआई को उन्नत करने के लिए तीन वर्षों के दौरान 484.22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बलौदाबाजार के सकरी में स्थित आईटीआई को मॉडल आईटीआई के रूप में विकसित करने के लिए सिडबी योजना के तहत 20 करोड़ 13 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री वर्मा के मुताबिक बलौदाबाजार के सकरी शासकीय आईटीआई के विभिन्न ट्रेड्स में सुधार और अधोसंरचना के विकास के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। इसमें मशीन टूल्स और उपकरण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये, कंप्यूटर, हार्डवेयर और नेटवर्क मेंटनेंस के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपये, इलेक्ट्रिशियन के लिए 75 लाख रुपये, फीटर के लिए 46 लाख रुपये, मेकेनिक डीजल के लिए 44 लाख रुपये और वेल्डर के लिए 53 लाख रुपये शामिल हैं।
सिविल कार्यों के अंतर्गत, आईटीआई के नए भवन निर्माण, गार्ड रूम, मोटर गाड़ियों की पार्किंग, स्टाफ क्वाटर्स और प्रवेश द्वार की भी योजना बनाई गई है, जिसके लिए 16 करोड़ 89 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
यह पहल छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक कौशल और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

