भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सदस्यता अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसके अंतर्गत दुर्ग जिले में भी सदस्यता अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा की अनुशंसा पर प्रदेश नेतृत्व ने जिला सदस्यता अभियान टोली की संरचना की है, जिसमें राजेन्द्र कुमार पाध्ये (जिला भाजपा उपाध्यक्ष) को संयोजक नियुक्त किया गया है। उनके साथ टोली में सदस्य के रूप में रविशंकर सिंह (प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य), रोहित साहू (जिला भाजपा मंत्री) और डॉ. मानसी गुलाटी (जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य) को शामिल किया गया है।
जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में पार्टी की सदस्यता को नए स्तर तक पहुंचाना है। पूरे देश में 10 करोड़ नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका होगी। वर्ष 2014 और 2019 के सदस्यता अभियानों में छत्तीसगढ़ से 29 लाख लोग भाजपा से जुड़े थे। इस बार यह संख्या और अधिक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने बताया कि 20 अगस्त को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह विशेष मार्गदर्शन प्रदान करेंगे, जहां सदस्यता अभियान की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बैठक में प्रदेश भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारी, विधायक, सांसद, जिला प्रभारी, और अन्य वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
जिला सदस्यता अभियान टोली के अन्य सदस्य रविशंकर सिंह, रोहित साहू, और डॉ. मानसी गुलाटी ने जोर देकर कहा कि इस बार दुर्ग जिले में 2019 के सदस्यता अभियान के रिकॉर्ड को तोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर पार्टी की सदस्यता को व्यापक बनाने के लिए सभी को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
इस अभियान के तहत नए सदस्यों को जोड़ने के साथ-साथ, भाजपा का उद्देश्य पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाना है, ताकि संगठन और भी सशक्त बन सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

