भिलाई विधायक देवेंद्र यादव की 30 किमी की कांवड़ यात्रा का अनूठा सफर , शिवनाथ नदी से जल लेकर भक्तों के विशाल समूह के साथ देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव ने इस साल भी सावन के पवित्र महीने में अपनी कांवड़ यात्रा की परंपरा को निभाते हुए 30 किलोमीटर की लंबी पैदल यात्रा की। शिवनाथ नदी से जल लेकर, वे भक्तों के विशाल समूह के साथ देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

सोमवार की सुबह 5:30 बजे, विधायक देवेंद्र यादव अपने साथियों के साथ दुर्ग के शिवनाथ नदी तट पर पहुंचे। वहां उन्होंने नदी में स्नान किया और पवित्र जल को कांवड़ में भरा। इसके बाद, उन्होंने शिवनाथ नदी तट पर स्थित शिवालय में भगवान शंकर की विधिपूर्वक आराधना की। मंत्रोचार के बीच, शिवलिंग पर दूध और जल से महाअभिषेक किया गया, और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। इस अवसर पर भिलाई महापौर नीरज पाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस नेत्री नीता लोधी समेत कई प्रमुख कांग्रेसी नेता भी उपस्थित रहे।

इसके बाद, देवेंद्र यादव ने देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर में जल चढ़ाने का संकल्प लिया और पैदल यात्रा शुरू की। हजारों भक्तों का जनसमूह उनके साथ कांवड़ लेकर इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुआ। विशेष रूप से, इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनीं। देवेंद्र यादव की पत्नी, श्रुतिका ताम्रकार यादव, भी उनके साथ पैदल यात्रा में शामिल रहीं।

यात्रा के दौरान भिलाई शहर में जगह-जगह विधायक देवेंद्र यादव और उनके साथ चल रहे भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। दुर्ग से भिलाई तक, शहर के विभिन्न चौराहों पर फूलों की वर्षा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। भक्तिगीतों की धुन पर हर-हर महादेव और मेरा भोला है भंडारी जैसे गानों के साथ भक्त नाचते-झूमते आगे बढ़े।इस अद्भुत यात्रा ने एक बार फिर से श्रद्धालुओं के दिलों में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और प्रेम को जागृत किया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS