भिलाई ब्रेकिंग : अंधेक़त्ल का हुआ खुलासा , 50 साल के व्यक्ति को 21 साल की लिव इन पार्टनर ने दी खौफनाक मौत , जानिए पूरा मामला...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , थाना उतई पुलिस ने अंधे कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। इस मामले में मृतक के साथ पिछले एक माह से लिव-इन में रह रही महिला ही कातिल निकली। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, और हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है।

घटना का विवरण

दिनांक 12 अगस्त 2024 को हितेन्द्र सिन्हा नामक व्यक्ति ने डॉयल 112 को कॉल करके सूचना दी कि ग्राम चुनकट्टा के चौहान बाड़ी में बने मकान में बाड़ी के चौकीदार मोहन साहू (50 वर्ष )गंभीर रूप से घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस टीम ने मोहन साहू को तुरंत शासकीय अस्पताल उतई पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही, प्रार्थी संदीप ओटी अटेंडर द्वारा मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया गया। मृतक की मृत्यु संदेहास्पद होने की वजह से वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई और थाना प्रभारी विपिन रंगारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जांच का प्रारंभ

जांच के दौरान बाड़ी के मालिक हितेन्द्र सिन्हा और अन्य गवाहों के बयान से पता चला कि मोहन साहू पिछले तीन वर्षों से बाड़ी में अकेले रहकर रखवाली कर रहा था। करीब एक माह पहले उसने द्रोपती उर्फ रानी (21 वर्ष) नामक महिला को अपने साथ रखा था और उसे अपनी पत्नी बताता था। मोहन साहू शराब पीने का आदी था, और शराब पीकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

हत्या का खुलासा

12 अगस्त की सुबह हितेन्द्र सिन्हा ने जब मोहन साहू से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल बंद मिला। जब वह चौहान बाड़ी पहुंचे, तो देखा कि मोहन साहू के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से कराहने की आवाज आ रही थी। दरवाजा तोड़ने पर मोहन साहू गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जबकि द्रोपती गायब थी।

आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और हत्या के साक्ष्य जुटाने के लिए जांच शुरू की। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि द्रोपती उर्फ रानी ग्राम तिल्दा, जिला बलौदाबाजार की निवासी है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करने की बात स्वीकार की।

द्रोपती ने बताया कि वह 14 जुलाई 2024 को अपने पति को छोड़कर रायपुर आ गई थी, जहां उसकी मुलाकात मोहन साहू से हुई। मोहन ने उसे अपने साथ चुनकट्टा बाड़ी में रखा और दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। लेकिन मोहन साहू शराब पीने का आदी था और द्रोपती के साथ मारपीट करता था। उसकी हरकतों से परेशान होकर द्रोपती ने मोहन की हत्या करने का फैसला किया।

11 अगस्त की रात, मोहन साहू शराब के नशे में धुत्त था और द्रोपती से झगड़ा कर रहा था। अगले दिन सुबह द्रोपती ने लोहे के सब्बल से मोहन पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर वह मोहन का मोबाइल और अपना बैग लेकर फरार हो गई।

पुलिस की कार्यवाही

पुलिस ने द्रोपती की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और मोहन का मोबाइल बरामद किया। आरोपिया को गिरफ्तार कर विधिवत् न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन रंगारी, उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सउनि राजकुमार देशमुख, हेमलता वर्मा, प्र०आर० हेमन्त चंदेल, तुलसी बिंझेकर, आरक्षक दुष्यंत लहरे, विजय कुर्रे, भूपेन्द्र साहू, छगन लाल, मुकेश यादव, महिला आरक्षक कीर्ति साहू की सराहनीय भूमिका रही।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS