भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , शहर में सराफा व्यापार से जुड़े एक दिलचस्प और संगठित अपराध का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें दो व्यापारियों ने अपने ही साथी का 50 लाख रुपये का सोना चुरा लिया। इस मामले में दुर्ग पुलिस ने नरेश सोनी और आनंद सोनी नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों का कहना है कि उन्होंने सिर पर चढ़े कर्ज को चुकाने के लिए इस चोरी को अंजाम दिया।
स्कूटी के जरिए चोरी का मास्टर प्लान
वैशाली नगर निवासी सागर हिम्मत जरे ने 25 जुलाई को सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी स्कूटी चोरी हो गई है। यह साधारण चोरी का मामला नहीं था, क्योंकि स्कूटी की डिग्गी में 50 लाख रुपये का सोना रखा हुआ था। पुलिस को पहले शक हुआ कि सागर ही इस चोरी के पीछे हो सकता है, लेकिन मामले की परतें खुलने पर सच्चाई सामने आई।
सीसीटीवी फुटेज बना सबूत
दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और सुपेला पुलिस की टीमों ने मिलकर इस मामले की गहन जांच की। उन्होंने घटनास्थल और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को देखा गया, जो रेनकोट पहने हुए थे और बड़ी चालाकी से स्कूटी को चोरी करते हुए कैद हुए थे।
सिहोर में पूजा करने गया था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस चोरी को नरेश सोनी और आनंद सोनी ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने नरेश सोनी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया, लेकिन आनंद सोनी चोरी के बाद सिहोर में रुद्राभिषेक करने गया था। पूजा-पाठ से लौटने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की सूझबूझ से पकड़ाए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों से 750 ग्राम सोने के बिस्किट बरामद किए हैं, जिससे पता चलता है कि उन्होंने किस तरह अपने साथी के साथ विश्वासघात किया। यह घटना दुर्ग शहर में सराफा व्यापारियों के बीच चिंता का कारण बन गई है, जबकि पुलिस की सूझबूझ और तत्परता ने मामले को सुलझा कर उनके भरोसे को बहाल किया है। इस पूरी घटना ने दिखा दिया कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, पुलिस की पैनी निगाहों से बच पाना मुश्किल है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

