भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : ब्राजील में साओ पाउलो के पास एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ है, जिसने पूरे देश और विश्वभर को सदमे में डाल दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को 62 लोगों को लेकर जा रहा एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 62 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा विनहेडो शहर के पास हुआ, जो साओ पाउलो महानगर से लगभग 80 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
इस दुर्घटना में शामिल विमान VOEPASS एयरलाइन का था, जिसकी उड़ान संख्या 2283-PS-VPB थी। यह विमान कैस्कवेल से ग्वारूलहोस हवाई अड्डे की ओर जा रहा था। विमान में 58 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य सवार थे। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान हवा में तैरते हुए अचानक नियंत्रण खो बैठा और कटी पतंग की तरह जमीन पर आ गिरा। इस भयावह दृश्य को देखने वाले लोग भी स्तब्ध रह गए।
दुर्घटना स्थल पर पहुंची आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन विमान में सवार सभी 62 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों ने इस दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इस घटना ने ब्राजील समेत दुनियाभर में लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर इस हादसे से जुड़ा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का भयानक दृश्य कैद है। यह विमान हादसा न केवल ब्राजील के लिए बल्कि पूरे विमानन जगत के लिए एक बड़ा धक्का है, और यह हादसा लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

