ऑफिस में झाड़ू-पोछा करने वाले नौकर के बकाया 800 रूपये मांगने पर कंपनी के मैनेजर ने उसे तीसरी मंजिल से नीचे धकेला , हुई मौत...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर थानाक्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक डीजेटी फाइनेंशियल सर्विस कार्यालय में मजदूरी का बकाया मांगने पर एक मजदूर के साथ जो हुआ, वह इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला है। यह घटना झंझारपुर नगर परिषद के ओशो नगरी में घटी, जहां बेलाराही गांव वार्ड-11 निवासी झौटाई मंडल को उसके मेहनताने के आठ सौ रुपये मांगने पर इतनी बर्बरता से मारा गया कि उसकी जान चली गई।

झौटाई मंडल अपनी पत्नी के साथ इस फाइनेंस कंपनी में झाड़ू-पोछा और खाना बनाने का काम करता था। कुछ दिन पहले उन्होंने काम छोड़ दिया था, लेकिन उनका बकाया अभी भी कंपनी के पास था। शुक्रवार को वे अपनी पत्नी के साथ अपने मेहनताने की मांग करने गए, लेकिन वहां उन्हें न्याय के बजाय क्रूरता मिली। 

कंपनी के मैनेजर संतोष कुमार और उनके सहयोगियों—सौरभ कुमार, बिमल कुमार, मुकेश कुमार, राहुल कुमार झा, हरिशंकर कुमार, राहुल गिरी और अखिलेश कुमार ने दंपती के साथ पहले मारपीट की, फिर झौटाई मंडल को तीसरी मंजिल से नीचे धकेल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन झौटाई मंडल को अनुमंडल अस्पताल झंझारपुर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के साथ स्थानीय लोग इस मामले से स्तब्ध है। पुलिस को सूचना मिलने पर झंझारपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी अस्पताल भिजवा दिया। 

झंझारपुर डीएसपी पवन कुमार भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए फाइनेंस कंपनी के तीन-चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पुलिस इस मामले में पूरी तरह से जांच कर रही है।

 जनता के आक्रोश के चलते कुछ कर्मचारियों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया और एक कर्मचारी के साथ मारपीट भी की गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस जघन्य अपराध ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि इंसानियत को भी हिला कर रख दिया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7