भिलाई : राधना पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :भिलाई ,  लिंक रोड, केम्प -2 स्थित राधना पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में जन्माष्टमी का पर्व बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्री-प्राइमरी स्तर के विद्यार्थियों ने विशेष कार्यक्रमों में भाग लिया, जिससे पूरा स्कूल परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्राचार्य श्रीमान गोविन्द वर्मा और श्री अरबिन्द जी ने किया। उन्होंने इस अवसर पर विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों के बारे में बताया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों और छात्राओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित होकर विभिन्न गीतों और नृत्यों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। हर ओर बच्चों के उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

विडियो देखे - 


विद्यालय के मैदान में मटकी फोड़ का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्रों ने ग्वाला बनकर अपनी पारंपरिक शैली में मटकी फोड़ी। इस आयोजन ने जन्माष्टमी की मस्ती को चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रसाद का वितरण किया गया।


इस उत्सव के आयोजन में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने बच्चों को इस पावन पर्व की महत्ता के बारे में बताया और उन्हें इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए तैयार किया। स्कूल परिसर में चारों ओर बिखरी खुशी और उल्लास की छवि इस बात की गवाह थी कि राधना पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में जन्माष्टमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।