भिलाई : कार में छुपा ऑनलाइन सट्टेबाजी का अड्डा, भिलाई पुलिस की मुस्तैदी से रंगे हाथों गिरफ्तार, लाखों का सामान जब्त...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, ऑनलाइन सट्टे का गोरखधंधा करने वाले एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया है। यह युवक स्वीफ्ट डिजायर कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था, और पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन, एक स्मार्टफोन, और अन्य अहम दस्तावेजों के साथ-साथ नगदी और एक कार भी जब्त की है। 

पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार निवासी हर्ष कुमार नामक व्यक्ति अपनी कार को विवेकानंद गार्डन सेक्टर 01 भिलाई के पार्किंग में खड़ी कर वहां से ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। इस पर पुलिस ने योजना बनाकर उसे घेर लिया और पूछताछ के दौरान कड़ाई दिखाने पर उसने सच्चाई कबूल कर ली। 

हर्ष कुमार ऑनलाइन सट्टा "रेड्डी अन्ना 128 पैनल" के माध्यम से चला रहा था। पुलिस को उसके मोबाइल से ऑनलाइन सट्टे के 6,37,330 रुपए के लेनदेन का रिकॉर्ड भी मिला। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी से 2 मोबाइल फोन, 5 एटीएम कार्ड, 5 सिम कार्ड, नगद 1043 रुपए, और उसकी कार जब्त कर ली है, जिसकी कुल कीमत 8.73 लाख रुपए बताई जा रही है। 

आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में भिलाई भट्टी थाना के एएसआई प्रमोद सिंह और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7