भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, दुर्ग में शनिवार को हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए बयान को लेकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने पूर्व सीएम के बयान को राजनीति से प्रेरित और भिलाई की छवि धूमिल करने की साजिश करार दिया है। रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक रिकेश ने भूपेश बघेल से उनके आरोपों के लिए सबूत पेश करने या सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक रिकेश सेन ने कहा कि भूपेश बघेल ने महापौर धीरज बाकलीवाल के निवास पर यह दावा किया था कि भिलाई के एक स्कूल में यौन शोषण की घटना हुई है। इसके अलावा, उन्होंने दुर्ग एसपी को 'गुंडा' कहकर संबोधित किया, जो कि अत्यंत निंदनीय है। रिकेश सेन ने इस मामले में स्पष्ट किया कि अगर भूपेश बघेल के पास इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत है, तो उन्हें इसे सार्वजनिक करना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में मदद करनी चाहिए।
विधायक का कहना है कि बिना किसी ठोस आधार के इस प्रकार के बयान देना केवल राजनीति चमकाने का प्रयास है, जिससे न केवल स्कूल बल्कि पूरे भिलाई का नाम खराब हो रहा है। उनका कहना है कि इस बयान से यहां पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों में भय का माहौल पैदा हो गया है, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। भिलाई, जिसे शिक्षाधानी और मिनी भारत के नाम से जाना जाता है, की सांस्कृतिक और सामाजिक सद्भावना पर इस प्रकार के बयानों से चोट पहुंचाई जा रही है।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक गिरावट से बचने के लिए भूपेश बघेल इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव और सरकार गंवाने के बाद भूपेश बघेल की राजनीतिक पकड़ कमजोर हो गई है, और वे अब किसी बड़े मुद्दे को उठाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इस हताशा में, बिना सबूत के बयान देना और एसपी जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी का अपमान करना उनकी हताशा का परिचायक है।
विधायक रिकेश सेन ने अंत में कहा कि यदि भूपेश बघेल के पास कोई ठोस तथ्य हैं तो उन्हें अविलंब सार्वजनिक करना चाहिए, अन्यथा उन्हें इस बेबुनियाद बयान के लिए स्कूल प्रबंधन, दुर्ग एसपी और समूचे भिलाई के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

