भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :यूपी , कानपुर देहात में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको हिलाकर रख दिया। इस घटना में एक महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश रची, जिसमें उसने अपने तीन प्रेमियों की मदद ली। इस साजिश को इतने बारीकी से अंजाम दिया गया कि पुलिस के लिए मामले की गुत्थी सुलझाना किसी चुनौती से कम नहीं था।
हत्या का खौफनाक प्लान
मंगलपुर थाना क्षेत्र के मनकापुर में 25 जुलाई को गुरुचरन नामक एक व्यक्ति की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या की साजिश रचने वाली उसकी पत्नी पूजा और उसके तीन साथी - चचेरा देवर गुलाब सिंह, पूर्व प्रेमी शिवम उर्फ ज्वाला सिंह और विष्णु दयाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने पूजा की कॉल डिटेल्स और घटनास्थल पर पाए गए सुरागों की जांच की।
अवैध संबंध और प्रताड़ना
पूछताछ में पूजा ने बताया कि 12 साल पहले उसकी शादी गुरुचरन से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति शराब पीकर उसे प्रताड़ित किया करता था। इस दौरान पूजा के संबंध शिवम से बन गए और वह उसके साथ महाराष्ट्र में दो महीने तक रही। घर लौटने के बाद भी उसके विष्णु से संबंध बने रहे, और हाल के दिनों में वह अपने देवर गुलाब के साथ जुड़ी हुई थी। महिला ने तंग आकर अपने पति की हत्या की साजिश रची|
साजिश का अंजाम
गुरुचरन को इन संबंधों का आभास हुआ और उसने गुलाब को घर के आसपास देख मारपीट शुरू कर दी। इससे तंग आकर पूजा ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर गुरुचरन की हत्या की साजिश रच दी। घटना से 12 दिन पहले ही यह योजना बनाई गई थी, जिसमें विष्णु ने गुरुचरन को शराब पीने के बहाने बाहर बुलाया। जब गुरुचरन शराब पी रहा था, तो गुलाब और शिवम भी वहां पहुंचे। गाली-गलौज के बाद, विष्णु ने पीछे से गुरुचरन का गला दबाना शुरू किया, और शिवम और गुलाब ने गमछे से गला कस कर उसे मार डाला।
हत्या के बाद की योजना
हत्या के बाद, चारों ने गुरुचरन के शव को सड़क किनारे एक खेत में फेंक दिया और उस पर बाइक रख दी, ताकि यह एक हादसा लगे। अगले दिन सुबह गांव के पास शव मिला, और गुरुचरन के भाई राजकुमार ने हत्या का शक जताते हुए पूजा और तीन अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया कि जब रिश्तों में दरार आती है, तो उसका अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

