भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, सभी शैक्षणिक और सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा मानकों की सख्त जांच की जाएगी। इसमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, हॉस्टल, अस्पताल, मॉल, शोरूम, और सिनेमा घर जैसी जगहों पर सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा। इस पहल के तहत नगर निकाय स्तर पर एक समिति का गठन किया जाएगा, जो इन संस्थानों में राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) और अन्य सुरक्षा मानकों के आधार पर जांच करेगी।
समिति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि हर संस्थान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों। इसके लिए समय-समय पर बिना पूर्व सूचना के संस्थानों की जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही का तुरंत पता लगाया जा सके। विशेष ध्यान इस बात पर दिया जाएगा कि बेसमेंट का उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही हो। यदि किसी बेसमेंट का उपयोग लाइब्रेरी, क्लासेस, दफ्तर या अन्य गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
समिति में शामिल अधिकारी:
इस सुरक्षा ऑडिट समिति में नगर निगम के भवन अधिकारी, वरिष्ठ अभियंता और राजस्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, वरिष्ठ अभियंता और राजस्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल किए जाएंगे।
समिति के लिए यह अनिवार्य होगा कि वह एक माह के भीतर सभी संस्थानों का सुरक्षा ऑडिट पूरा कर, इसका पालन प्रतिवेदन संबंधित निकाय के आयुक्त या मुख्य नगर पालिका अधिकारी के माध्यम से मुख्य अभियंता, संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भेजे।
इस नई पहल से भिलाई के नागरिकों की सुरक्षा और अधिक सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सभी सार्वजनिक और शैक्षणिक संस्थान सुरक्षित वातावरण प्रदान कर सकेंगे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|

