भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , एक बार फिर हाईवे पेट्रोलिंग के जवानों की सतर्कता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। हाईवे पेट्रोलिंग के जवानों ने पावर हाउस ओवर ब्रिज के ऊपर सड़क में खड़े दो युवकों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया। ये युवक लापरवाही से अपने दोपहिया वाहन को सड़क के बीच खड़ा कर वहीं सो गए थे, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता था। हाईवे पेट्रोलिंग टीम के कांस्टेबल जितेंद्र और नरेंद्र यादव ने तत्परता से कार्य करते हुए इन दोनों युवकों को उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उन्हें आगे की कार्यवाही के लिए छावनी थाने के सुपुर्द किया।
यह घटना बताती है कि हाईवे पेट्रोलिंग टीम का कार्य सिर्फ सड़क पर ट्रैफिक को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान बचाना भी है। दुर्ग पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र शुक्ला के निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री सतीष ठाकुर एवं श्री सदानंद विंधराज के नेतृत्व में नेशनल हाईवे 53 पर अंजोरा बाईपास से कुम्हारी टोल प्लाजा के बीच 40 किलोमीटर के क्षेत्र में चार हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट्स तैनात की गई हैं।
ये यूनिट्स लगातार सड़क से मवेशियों को हटाने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने, खराब वाहनों के पीछे रेडियम लगाने और सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।दुर्ग की यातायात पुलिस आम नागरिकों से भी अपील करती है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने से न हिचकिचाएं। समय पर दी गई सहायता किसी की जान बचा सकती है। इस घटना ने फिर से साबित कर दिया कि जागरूकता और समय पर उठाए गए कदमों से अनहोनी को टाला जा सकता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

